Mumbai Indians vs Punjab Kings: वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए एक रोमांचक आईपीएल मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) ने मुंबई इंडियंस (MI) के घर में धमाका कर दिया। क्विंटन डीकॉक (112) के तूफानी शतक को बौना साबित करते हुए पंजाब ने 196 रन के लक्ष्य को मात्र 16.3 ओवर में ही दबा दिया। कप्तान श्रेयस अय्यर की लगातार तीसरी हाफ सेंचुरी और प्रभसिमरन सिंह की आक्रामक पारी के दम पर पंजाब ने मुंबई को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ पंजाब किंग्स ने इस सीजन अपनी पांचवीं जीत दर्ज की और 9 अंकों के साथ 10 टीमों की अंक तालिका में टॉप पर कब्जा जमा लिया है।
प्रभसिमर और अय्यर ने बिखेरे गेंदें
196 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत शानदार रही। ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने मुंबई के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने मात्र 39 गेंदों का सामना कर 80 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। इसके बाद क्रीज पर आए कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी कोई कमी नहीं छोड़ी। उन्होंने 35 गेंदों पर नाबाद 66 रनों की शानदार पारी खेलकर लगातार तीसरे मैच में अर्धशतक (हैट्रिक ऑफ हाफ-सेंचुरी) लगाई। प्रियांश आर्य (15) और कूपर कॉनली (17) के छोटे योगदान के साथ पंजाब ने 3 विकेट खोकर 198 रन बना लिए। पंजाब की इस जीत ने यह साबित कर दिया कि इस सीजन उसके सामने कोई भी लक्ष्य छोटा नहीं है।
डीकॉक के शतक के बावजूद मुंबई रहा कमजोर
इससे पहले, टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर के फैसले को सही साबित करते हुए अर्शदीप सिंह ने तीसरे ओवर में दोहरा झटका दिया। उन्होंने पहले रेयान रिकेल्टन (02) को शशांक सिंह के हाथों कैच आउट कराया, जो अर्शदीप के आईपीएल करियर का 100वां शिकार बना। अगली ही गेंद पर सूर्यकुमार यादव (00) को भी चहल के हाथों लपकवाकर पवेलियन भेजा।
12 रन पर दो विकेट गिरने के बाद मुंबई की पारी संभाली मौजूदा सीजन में पहला मैच खेल रहे क्विंटन डीकॉक और नमन धीर ने। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 122 रनों की शानदार साझेदारी की। डीकॉक ने 60 गेंदों में 7 छक्के और 8 चौकों की मदद से नाबाद 112 रनों की पारी खेली, जबकि नमन धीर ने 31 गेंदों पर 50 रन बनाए। हालांकि, नमन के आउट होने के बाद मुंबई का रनों का प्रवाह धीमा पड़ गया। हार्दिक पंड्या (14 रन) कुछ खास नहीं कर पाए। पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 22 रन देकर 3 विकेट चटकाए।


















