संदिप कुमार गर्ग
नई दिल्ली। दिल्ली में भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच हौज खास इलाके से इलेक्ट्रिक बस में आग लगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बुराड़ी डिपो की एक इलेक्ट्रिक बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस जलकर राख हो गई।
AC में खराबी के बाद यात्रियों को उतारा गया
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बस का एसी ठीक से काम नहीं कर रहा था। भीषण गर्मी के कारण बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए हौज खास स्थित IIT गेट स्टैंड पर सभी यात्रियों को उतार दिया।
इसके बाद बस ड्राइवर की ओर से बुराड़ी डिपो में बस के AC में खराबी की शिकायत दर्ज कराई गई। बताया जा रहा है कि शिकायत दर्ज कराने के कुछ मिनट बाद ही बस में अचानक आग लग गई।
आग लगते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
इलेक्ट्रिक बस में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को जानकारी दी गई। इसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिश की गई। हालांकि, तब तक आग ने बस को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था और बस बुरी तरह जल चुकी थी।
दिल्ली में इन दिनों तापमान बढ़ने के साथ ही हीटवेव का असर भी देखने को मिल रहा है। ऐसे में सार्वजनिक परिवहन में इस्तेमाल हो रही इलेक्ट्रिक बसों की सुरक्षा और तकनीकी रखरखाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस घटना में आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी।
























