सीएम योगी का पूर्ववर्ती सरकार पर करारा तंज

सपा पार्टी पर सीएम योगी का बड़ा हमला (फाइल फोटो)

ऋषी तिवारी


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान दौरे के दौरान टोक्यो में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए बुधवार को पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार पर जोरदार हमला बोला। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले राज्य को जानबूझकर ‘अंधकार’ में रखा गया था, जबकि उनकी सरकार ने कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे में सुधार कर प्रदेश को एक नई दिशा दी है।

‘डकैती के लिए अंधेरा जरूरी होता है’

सीएम योगी ने अखिलेश यादव की सरकार पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग अंधेरे में काम करने के आदी थे, उन्हें उजाला पसंद नहीं आया। जब प्रवृत्ति डकैती की हो तो राज्य को भी अंधेरे में रखा जाता है।” उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या डकैती दिन के उजाले में हो सकती है? अगर प्रवृत्ति डकैती की है तो वह अंधेरे में ही होगी। योगी ने कहा कि उन्होंने तय किया था कि अगर उत्तर प्रदेश को भय और भ्रष्टाचार से मुक्त करना है तो उसे उजाले में लाना होगा। उन्होंने कहा कि हम सूर्य की संतान हैं और हमें सूर्य का प्रकाश चाहिए।

सोशल मीडिया ही नहीं, अप्रूवल रेटिंग में भी दुनिया में नंबर-1 हैं मोदी

बदली प्रदेश की तस्वीर: कर्फ्यू से लेकर विकास तक

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश की पहचान कर्फ्यू, दंगों और बिजली संकट से होती थी, लेकिन अब यह त्योहारों और विकास के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश दंगों और कर्फ्यू के लिए नहीं, बल्कि दीपोत्सव, महाकुंभ और वैश्विक निवेश के लिए जाना जाता है। सरकारी बयान के अनुसार, सीएम ने कहा कि पहले प्रदेश में न तो बेहतर सड़कें थीं और न ही नियमित बिजली आपूर्ति। भाजपा सरकार ने कनेक्टिविटी बेहतर की है, बिजली आपूर्ति सुधारी है और कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है। अब दुनिया भर के निवेशक सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन हाइड्रोजन, लॉजिस्टिक्स पार्क और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों जैसे क्षेत्रों में निवेश कर रहे हैं, जो पहले अकल्पनीय था।

सांस्कृतिक उभार और पर्यटन

सांस्कृतिक पहलों का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि अयोध्या में दीपोत्सव, काशी में देव दीपावली और मथुरा-वृंदावन में रंगोत्सव जैसे भव्य आयोजन राज्य में सकारात्मक परिवर्तन के प्रतीक हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जबकि एक वर्ष में 156 करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तर प्रदेश आए, जो राज्य में बढ़ती वैश्विक रुचि को दर्शाता है।

प्रवासी भारतीयों से अपील

इस अवसर पर सीएम योगी ने होली के त्योहार पर शुभकामनाएं देते हुए जापान में बसे भारतीय समुदाय से दोनों देशों के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में जहां भी भारतीय मूल के लोगों को कठिनाई होती है, भारत उनके साथ खड़ा रहता है।

Sandhya Samay News

संध्या समय न्यूज़ – आपके विश्वास की आवाज़ संध्या समय न्यूज़ की स्थापना वर्ष 2018 में की गई, जो कि MSME में विधिवत रूप से पंजीकृत है। हमारा उद्देश्य समाज तक सटीक, निष्पक्ष और भरोसेमंद समाचार पहुँचाना है। हम देश-प्रदेश की ताज़ा खबरों, सामाजिक मुद्दों, और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आपके सामने सरल और स्पष्ट रूप में प्रस्तुत करते हैं। हम अपने सभी दर्शकों और पाठकों का दिल से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हमें लगातार देखा, समझा और अपना विश्वास बनाए रखा। आपकी यही सराहना और समर्थन हमें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। संध्या समय न्यूज़ हमेशा सत्य, निष्पक्षता और जनसेवा के मूल्यों पर कार्य करता रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now