दिल्ली में पहली बार चीनी सिनेमा का ऐतिहासिक आयोजन

Chinese Film Festival 2026: दिल्ली में पहली बार चीनी फिल्म फेस्टिवल 2026 का आयोजन 30 और 31 अक्टूबर को होगा। जानिए वेन्यू, उद्घाटन फिल्म, कार्यशाला और पुरस्कार समारोह की पूरी जानकारी।

दिल्ली में सजेगा चीनी फिल्मों का मेला, बड़ी घोषणा

HIGHLIGHTS

  • दिल्ली में दिखेंगी 10 से ज्यादा भारत-चीन फिल्में
  • चीनी राजदूत करेंगे फिल्म फेस्टिवल का भव्य उद्घाटन
  • भारत-चीन के बीच सिनेमा से बढ़ेगी दोस्ती, जानें कैसे
  • दिल्ली में 30-31 अक्टूबर को चीनी फिल्मों की धूम

Chinese Film Festival 2026: दिल्ली में भारत और चीन के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहली बार चीनी फिल्म फेस्टिवल 2026 आयोजित किया जा रहा है। दो दिवसीय इस महोत्सव का आयोजन 30 और 31 अक्टूबर को फिल्म डिवीजन ऑडिटोरियम, महादेव रोड, नई दिल्ली में होगा। इस आयोजन में दोनों देशों की फिल्मों के प्रदर्शन के साथ सिनेमा कार्यशाला और फिल्म निर्माण में सहयोग की संभावनाओं पर विशेष चर्चा भी होगी।

इस महोत्सव की घोषणा बुधवार को प्रेस क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में की गई। आयोजन में चीन का दूतावास, दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत आने वाला नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा सहयोग कर रहे हैं।

प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में हुआ ट्रॉफी और मेडल का अनावरण

प्रेस कॉन्फ्रेंस में चीन के दूतावास के मिनिस्टर काउंसलर वांग शिनमिंग और फर्स्ट सेक्रेटरी डॉ. झांग हेलिन ने महोत्सव की आधिकारिक ट्रॉफी और मेडल का अनावरण किया। आयोजकों के अनुसार, ये सम्मान समारोह के दौरान जूरी द्वारा चुनी गई सर्वश्रेष्ठ फिल्मों को प्रदान किए जाएंगे।

वांग शिनमिंग ने कहा कि सिनेमा भाषाई और भौगोलिक सीमाओं से परे जाकर लोगों को जोड़ने का प्रभावशाली माध्यम है। उनके मुताबिक, यह महोत्सव भारत और चीन की साझा कलात्मक विरासत को सामने लाने और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंध मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा।

डॉ. झांग हेलिन ने भी फिल्म महोत्सव को आपसी समझ और जनस्तरीय संपर्क बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के संस्थापक अध्यक्ष और फेस्टिवल डायरेक्टर राम किशोर परचा ने कहा कि इस आयोजन से भारतीय और चीनी फिल्मकारों के बीच संवाद, रचनात्मक सहयोग और भविष्य में सह-निर्माण की संभावनाओं को बढ़ावा मिल सकता है।

फिल्म डिवीजन ऑडिटोरियम में दिखाई जाएंगी फिल्में

आयोजन का कार्यक्रम पहले नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा परिसर में प्रस्तावित था। हालांकि, व्यस्त शैक्षणिक गतिविधियों के कारण स्थल बदलकर फिल्म डिवीजन ऑडिटोरियम कर दिया गया है। आयोजकों के मुताबिक, यहां भारत और चीन की 10 से अधिक फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। फिल्मों की स्क्रीनिंग के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) भी जारी किया गया है।

इस फिल्म महोत्सव का उद्देश्य दर्शकों को चीनी सिनेमा की विविधता से परिचित कराना और दोनों देशों की कहानियों, सामाजिक अनुभवों तथा कलात्मक अभिव्यक्तियों को एक साझा मंच देना है।

चीनी राजदूत शू फेइहोंग करेंगे उद्घाटन

महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन 30 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे होगा। भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। आयोजकों के अनुसार, अन्य देशों के राजनयिकों की भागीदारी भी प्रस्तावित है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में चीनी दूतावास के फर्स्ट सेक्रेटरी गुआन वेनवू और थर्ड सेक्रेटरी गाओ फेंग सहित अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

‘द कंपोजर’ से शुरुआत, ‘हर स्टोरी’ के साथ होगा समापन

चीनी फिल्म फेस्टिवल 2026 में दो फिल्मों को विशेष स्थान दिया गया है। उद्घाटन फिल्म ‘द कंपोजर’ (The Composer) है। जियरझाती याहेफु के निर्देशन में बनी यह फिल्म महान चीनी संगीतकार शियान शिंगहाई के जीवन और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान कज़ाख संगीतकार बख्तिझान बायकादामोव के साथ उनके मानवीय संबंधों की कहानी प्रस्तुत करती है।

वहीं, महोत्सव का समापन 2024 की चीनी कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ‘हर स्टोरी’ (Her Story) से होगा। शाओ यिहुई द्वारा निर्देशित यह फिल्म एक सिंगल मदर और उसकी पड़ोसी के बीच विकसित होने वाले रिश्ते के माध्यम से महिलाओं के जीवन, अनुभवों और आपसी सहयोग को दर्शाती है।

नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के सहयोग से होगी सिनेमा कार्यशाला

महोत्सव में फिल्मों की स्क्रीनिंग के अतिरिक्त विद्यार्थियों और सिनेमा में रुचि रखने वाले लोगों के लिए कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के सहयोग से दोनों दिन दोपहर 3 बजे विशेष सिनेमा कार्यशाला रखी गई है।

31 अक्टूबर को भारतीय और चीनी सिनेमा के बीच सह-निर्माण (Co-production) और रचनात्मक सहयोग पर विशेष चर्चा होगी। इस सत्र में फिल्म निर्माण के क्षेत्र में संभावित साझेदारियों और दोनों देशों के कलाकारों तथा फिल्मकारों के बीच सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।

अरविंद गौड़ की अध्यक्षता में जूरी करेगी फिल्मों का मूल्यांकन

महोत्सव में प्रदर्शित फिल्मों के मूल्यांकन के लिए थिएटर निर्देशक अरविंद गौड़ जूरी प्रमुख की भूमिका निभाएंगे। जूरी द्वारा चुनी गई सर्वश्रेष्ठ फिल्मों को 31 अक्टूबर को शाम 6 बजे आयोजित समापन समारोह में ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए जाएंगे।

दिल्ली इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत 2012 में हुई थी। आयोजकों के अनुसार, इस मंच ने पिछले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय सिनेमा और भारतीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया है। चीनी फिल्म महोत्सव को इसी प्रयास की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

चीनी फिल्म फेस्टिवल 2026 भारतीय और चीनी सिनेमा को करीब लाने, नई कहानियों से दर्शकों को परिचित कराने और सांस्कृतिक संवाद को आगे बढ़ाने का अवसर है। इस आयोजन से फिल्म जगत में दोनों देशों के बीच रचनात्मक साझेदारी के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now