असम और पुडुचेरी में प्रचार पर रोक, तमिलनाडु में नेता चुनावी मैदान में

दूसरी तरफ तमिलनाडु में दिग्गजों का 'महा-नामांकन'

Assam Kerala Puducherry Election 2026: दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में चल रहे विधानसभा चुनावों के दौरान मंगलवार को राजनीतिक गतिविधियों के तौर-तरीके बदल जाएंगे। असम, केरल और पुडुचेरी में आज शाम 6 बजे से चुनाव प्रचार पूरी तरह से थम जाएगा। इन राज्यों की जनता अब अगले 48 घंटों के ‘मौन व्रत’ के बाद 9 अप्रैल को वोटिंग के जरिए अपनी सरकार चुनेगी। वहीं, इस बीच तमिलनाडु में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज उम्मीदवारों के पर्चों की बारीकी से जांच की जाएगी।

48 घंटे का ‘मौन व्रत’ और प्रशासन की पकड़

मतदान से 48 घंटे पहले शुरू होने वाली इस ‘शांत अवधि’ (Silence Period) को लेकर चुनाव आयोग ने कड़े इंतजाम किए हैं। केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रतन यू. केलकर के मुताबिक, मंगलवार शाम 6 बजे के बाद कोई भी सार्वजनिक रैली, सभा या जुलूस नहीं निकाला जा सकेगा। मतदाताओं को लुभाने वाले संगीत समारोहों, नाटकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर भी पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है।

निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए टीवी, रेडियो और सिनेमा घरों में चुनाव से जुड़ी कोई भी विज्ञापन सामग्री प्रसारित नहीं होगी, ताकि मतदाता बिना किसी दबाव के अपना फैसला ले सके। यह नियम असम और पुडुचेरी में भी समान रूप से लागू होगा।

बाहरी नेताओं को बाहर जाना होगा, विज्ञापनों पर पैनी नजर

इस बार चुनाव आयोग ने ‘बाहरी हस्तक्षेप’ को रोकने के लिए एक सख्त कदम उठाया है। नियम के अनुसार, जो भी राजनीतिक कार्यकर्ता या पार्टी पदाधिकारी उस निर्वाचन क्षेत्र का मतदाता नहीं है, उसे प्रचार खत्म होते ही वहां से बाहर जाना होगा।
इसके अलावा, मतदान वाले दिन और उससे एक दिन पहले अखबारों में छपने वाले राजनीतिक विज्ञापनों के लिए अब मीडिया प्रमाणन और निगरानी समिति (MCMC) की पूर्व मंजूरी अनिवार्य कर दी गई है।

यह भी पढ़ें : सोमवार व्रत कथा का रोचक प्रसंग, जाने शिव का ये चमत्कार

जहां एक ओर तीनों राज्यों में चुनावी शोर थम गया है, वहीं तमिलनाडु में चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर है। राज्य की 234 विधानसभा सीटों के लिए सोमवार को नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो गई। इस दौरान 7 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किए।

नामांकन के आखिरी दिन दिग्गज नेताओं का जमावड़ा देखने को मिला। AIADMK अध्यक्ष एडप्पाडी के पलानीस्वामी (EPS) ने अपना नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एल. मुरुगन, पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन और भाजपा की राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन जैसे बड़े चेहरों ने भी अपनी दावेदारी पेश की।

तमिलनाडु में आज सभी नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी (जांच) की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार 9 अप्रैल तक अपना नाम वापस ले सकते हैं। बता दें कि इन चारों राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में चुनावी नतीजों का ऐलान 4 मई को एक साथ किया जाएगा।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now