ऋषी तिवारी
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को सुपौल में ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान विपक्ष पर जबरदस्त हमला बोला। राज्यसभा का रास्ता पकड़ने से पहले सीएम नीतीश ने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पूर्व सीएम राबड़ी देवी को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब लालू यादव को जेल जाने की नौबत आई, तो उन्होंने अपनी कुर्सी अपनी पत्नी को सौंप दी, लेकिन जनता के लिए कुछ नहीं किया।
‘परिवार को आगे बढ़ाया, जनता को भूला दिया’
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दलों ने बस अपने परिवार को आगे बढ़ाने का काम किया। उन्होंने कहा, “जब लालू यादव खुद गड़बड़़ किए और जेल जाने की नौबत आई, तो अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बना दिया। उन लोगों ने किसी के लिए कुछ नहीं किया, बस परिवार को आगे बढ़ाया।” यह हमला सीएम नीतीश के राज्यसभा चुनाव के नामांकन दाखिल करने से ठीक पहले काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
2005 से पहले का बिहार था ‘जहन्नुम’
अपने भाषण में नीतीश कुमार ने 2005 से पहले के बिहार की स्थिति को याद करते हुए कहा कि तब राज्य में विकास का नामोनिशान नहीं था। लालू यादव का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि उस दौर में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट थी। सीएम ने कहा, “उस समय लोग शाम को घरों से निकलने में डरा करते थे। हत्या, लूट और डकैती आम बात थी। हमारे आने के बाद राज्य में कानून का राज स्थापित हुआ और बिहार विकास के पथ पर अग्रसर हो गया।”
कपिल शर्मा ने रवि किशन के फेमस डायलॉग को बनाया ‘कव्वाली’
अगले 5 साल का रोडमैप: 1 करोड़ नौकरियां
वर्तमान सरकार के विजन पर जोर देते हुए नीतीश कुमार ने बिहार के भविष्य का रोडमैप पेश किया। उन्होंने घोषणा की कि अगले पांच वर्षों में राज्य में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार के अवसर दिए जाएंगे, ताकि युवा आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा, “सरकार का काम जारी है। महिला सशक्तिकरण हमारी प्राथमिकता है। पुलिस में 35 प्रतिशत आरक्षण के साथ-साथ सरकारी नौकरियों में भी महिलाओं को अवसर दिए जा रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लाखों महिलाओं को रोजगार से जोड़ा गया है, जबकि मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।”
‘नीतीश जी दिल्ली से बिहार पर रखेंगे नजर’
इस अवसर पर मंत्री विजय चौधरी और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी जनता को संबोधित किया। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर विजय चौधरी भावुक होते हुए दिखे। उन्होंने कहा, “भले ही नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं, मगर हमने उनसे वादा लिया है कि वह दिल्ली से बिहार पर कड़ी नजर रखेंगे।”




















