NEET Paper Leak News: देशभर में NEET परीक्षा में लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों को लेकर राजनीतिक ताप बढ़ता जा रहा है। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आप पार्टी (AAP) की वरिष्ठ नेता आतिशी ने केंद्र सरकार और पीएम नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जब भी NEET का पेपर लीक होता है, तो सिर्फ एक परीक्षा ही बर्बाद नहीं होती, बल्कि 20 लाख से अधिक छात्रों और उनके परिवारों के सपने एक झटके में टूट जाते हैं।
परिवारों की उम्मीदों पर पानी
आतिशी ने छात्रों की कड़ी मेहनत और परिवारों के आर्थिक संकट को उजागर करते हुए कहा कि NEET की तैयारी करने वाला छात्र दो से तीन साल तक अपने गांव और परिवार से दूर छोटे कमरों में रहकर 12-14 घंटे तक पढ़ाई करता है। माता-पिता अपनी खून-पसीने की कमाई और पूरी जमा पूंजी बच्चों की कोचिंग और पढ़ाई पर लगा देते हैं, ताकि उनका बेटा या बेटी डॉक्टर बन सके और परिवार का भविष्य सुरक्षित हो सके। उन्होंने कहा कि जब पेपर लीक होता है, तब सिर्फ परीक्षा नहीं टूटती, बल्कि लाखों परिवारों की उम्मीदें भी बिखर जाती हैं। सालों की मेहनत, माता-पिता की जमा पूंजी और छात्रों का भविष्य इस भ्रष्ट व्यवस्था की भेंट चढ़ रहा है।

‘परीक्षा पर चर्चा’ पर उठाए सवाल
पीएम नरेंद्र मोदी के ‘परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम का जिक्र करते हुए आतिशी ने सवाल उठाया कि क्या सरकार ने कभी उन अधिकारियों, मंत्रियों और एजेंसियों से भी ‘परीक्षा पर चर्चा’ की, जिनकी जिम्मेदारी परीक्षा को सुरक्षित तरीके से करवाने की होती है? उन्होंने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए था कि पेपर कैसे तैयार होगा, कैसे सील किया जाएगा और बिना लीक हुए देशभर के परीक्षा केंद्रों तक कैसे पहुंचेगा। लेकिन बार-बार हो रहे पेपर लीक यह दिखाते हैं कि व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है।
सालों में चार बार लीक, व्यवस्था पर उठे सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि पीएम मोदी के कार्यकाल में 2017, 2021, 2024 और अब 2026 में NEET पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। उन्होंने 2024 के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि लाखों रुपए देकर पेपर खरीदे गए और कई छात्रों के एक ही सेंटर से 100 प्रतिशत अंक आने के आरोप लगे थे, जिससे ईमानदारी से परीक्षा देने वाले छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ।
मोदी जी के कार्यकाल में 4 बार NEET का पेपर लीक हो चुका है।
लाखों युवाओं की मेहनत हर बार भ्रष्ट सिस्टम की भेंट चढ़ जाती है।
लेकिन सवाल अब भी वही है —
पेपर लीक माफिया पर कार्रवाई क्यों नहीं होती?
उन्हें संरक्षण कौन दे रहा है?मोदी जी, देश का युवा जवाब मांग रहा है।@AtishiAAP pic.twitter.com/E1PCsILdaC
— Aam Aadmi Party Delhi (@AAPDelhi) May 13, 2026
CBI और जांच एजेंसियों पर भी सवाल
आतिशी ने 2024 के पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी संजीव मुखिया का जिक्र करते हुए CBI पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी को इसलिए जमानत मिल गई, क्योंकि CBI 90 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल नहीं कर सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियां विपक्षी नेताओं के खिलाफ तो तेजी से कार्रवाई करती हैं, लेकिन लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद करने वाले आरोपियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई नहीं हो पाती।
छात्रों से माफी की मांग
आतिशी ने केंद्र सरकार पर दबाव बनाते हुए कहा कि देश के युवा अब सरकार से जवाब चाहते हैं। छात्र जानना चाहते हैं कि उनकी वर्षों की मेहनत और परिवारों द्वारा खर्च किए गए लाखों रुपये का क्या होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री से छात्रों के सामने आकर माफी मांगने की मांग की। अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि अगर युवाओं को न्याय नहीं मिला तो देशभर में छात्र आंदोलन तेज हो सकता है। जिन युवाओं ने सरकार को सत्ता तक पहुंचाया है, वही युवा अब जवाब भी मांगेंगे।























