यमुना मार्जिनल बांध यानी पुस्ता बांध पर बनी चार लेन सड़क की मरम्मत, सफाई और अनुरक्षण का बहुप्रतीक्षित कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। निर्माण के बाद लगभग 12 वर्षों तक उपेक्षा का शिकार रही इस सड़क पर अब उगी कटीली झाड़ियों एवं कीकर की कटाई-छटाई तथा जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों की सफाई की जा रही है। कार्य प्रारंभ होने की खुशी में ग्राम विकास संगठन नोएडा के प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालिका अधिकारी श्री कृष्णा करूणेश को सम्मानित कर आभार व्यक्त किया।
सेक्टर-96 स्थित प्रशासनिक भवन में भेंट किया पुष्पगुच्छ
ग्राम विकास संगठन नोएडा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अशोक चौहान ने बताया कि संगठन के संयोजक डीपी चौहान के नेतृत्व में पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन पहुंचा। यहां सीईओ श्री कृष्णा करूणेश को पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया तथा शहीद सुभाषचंद्र बोस की पेंटिंग भेंट की गई। इसी क्रम में प्राधिकरण के जीएम (सिविल) श्री अशोक कुमार अरोड़ा को शहीद चंद्रशेखर आजाद की पेंटिंग देकर सम्मानित किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सड़क की सफाई व मरम्मत का कार्य शुरू कराने में अधिकारियों की सकारात्मक भूमिका के लिए क्षेत्र के लोग आभारी हैं।
2014 में बनी थी सड़क
उल्लेखनीय है कि यमुना मार्जिनल बांध की चार लेन सड़क का निर्माण वर्ष 2014 में नोएडा विकास प्राधिकरण की वित्त पोषित धनराशि से किया गया था। उस समय उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग एवं नोएडा विकास प्राधिकरण के मध्य गठित समझौता ज्ञापन (एमओयू) की शर्तों के अनुसार सड़क की मरम्मत व अनुरक्षण का कार्य नोएडा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली धनराशि से कराया जाना प्रस्तावित था। लेकिन वर्षों तक यह कार्य अटका रहा और सड़क जंगल जैसी हो गई।
34.18 करोड़ रुपये की स्वीकृति
मामले पर गंभीरता दिखाते हुए नोएडा प्राधिकरण ने यमुना तट बांध चार लेन सड़क की मरम्मत और सफाई हेतु 34.18 करोड़ रुपये का बजट सिंचाई विभाग को स्वीकृत किया है। इसमें से पहली किस्त के रूप में लगभग 11 करोड़ रुपये की धनराशि उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के बैंक खाते में अंतरित कर दी गई है। धनराशि उपलब्ध होते ही विभाग ने अनुरक्षण एवं सफाई का कार्य प्रारंभ कर दिया है।
सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक चल रही सफाई
धनराशि अंतरण के बाद सेक्टर-94 स्थित गांव रायपुर से सेक्टर-135 स्थित गांव नंगली वाजिदपुर तक लगभग 11.2 किलोमीटर लंबी इस सड़क के दोनों किनारों एवं मध्य उगी कटीली झाड़ियों की कटाई-छटाई तथा कूड़े की सफाई का कार्य जोर-शोर से चल रहा है।
वर्ष 2021 से चल रही थी शिकायतों की लड़ाई
इस उपलब्धि के पीछे गांव नंगली वाजिदपुर निवासी अशोक चौहान के वर्षों लंबे संघर्ष की कहानी भी है। उन्होंने बताया कि सड़क पर बड़ी-बड़ी कटीली झाड़ियां, कीकर उग गए थे और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे थे। वह वर्ष 2021 से निरंतर शिकायत कर रहे थे। वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री पोर्टल/आईजीआरएस पर शिकायत संख्या 40014123027859 दर्ज कराई, जिस पर सिंचाई विभाग ने जवाब दिया कि सड़क की दैनिक सफाई नोएडा प्राधिकरण करता है। इसके बाद 31 अगस्त 2024 को शिकायत संख्या 40014124021755 एवं 40014124021758 दोनों विभागों में अलग-अलग दर्ज कराई गईं। 28 अगस्त 2025 को शिकायत संख्या 40014125031556 भी दर्ज हुई। लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार कार्य शुरू हो सका।
एक्सप्रेसवे के जाम से मुक्ति
संगठन का कहना है कि सड़क तैयार होने पर गांव रायपुर, बख्तावरपुर, असगरपुर, गढ़ी शाहपुर, शाहपुर गोवर्धनपुर, नंगली नंगला, नंगली शाखपुर, नंगली वाजिदपुर, छपरौली, दोस्तपुर मंगरौली सहित सेक्टर-126 से 135 तथा सेक्टर-168 के निवासियों को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के जाम से छुटकारा मिलेगा और जाम से होने वाले प्रदूषण से पर्यावरण की रक्षा होगी।
इस अवसर पर संयोजक डीपी चौहान (शाहपुर गोवर्धनपुर), अशोक चौहान (नंगली वाजिदपुर), हरेन्द्र अवाना (असगरपुर) एवं सतेन्द्र चौधरी (सेक्टर-130) उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि समयबद्ध तरीके से पूरी सड़क की मरम्मत कराकर निवासियों को सुचारू आवागमन की सुविधा मिलेगी।

























