रसगुल्ले को लेकर बस्ती में हैवानियत: 11 साल के बच्चे को तंदूर में झोंका

UP News: आपा खो बैठे ठेकेदार ने पहले बच्चे को पकड़कर डराया और फिर उठाकर जलते हुए तंदूर के ऊपर ले जाकर धकेल दिया। इसी दौरान अनियंत्रित होकर चमन सीधे तंदूर के भीतर जा गिरा। आग की लपटों और तंदूर की चीख सुनकर वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए और हड़कंप मच गया।

मिठाई खाने पर बच्चे को मिली खौफनाक सजा फाइल फोटो)

HIGHLIGHTS

  • शादी में मीठा बना विवाद, मासूम को मिली दर्दनाक सजा
  • बस्ती में क्रूरता की हदें पार: एक रसगुल्ले पर बच्चे को तंदूर में फेंका
  • इंसानियत शर्मसार: मिठाई के लिए 11 वर्षीय बच्चा बना दरिंदगी का शिकार
  • बस्ती कांड: कैटरिंग ठेकेदार ने बच्चे को जिंदा तंदूर में डाला
  • एक रसगुल्ला पड़ा भारी: मासूम जिंदगी और मौत से जूझ रहा

UP News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक शादी समारोह में महज एक रसगुल्ला खाने को लेकर वहां मौजूद कैटरिंग ठेकेदार ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने 11 वर्षीय मासूम को जलते हुए तंदूर में फेंक दिया, जिससे बच्चा चेहरे से लेकर कमर तक बुरी तरह झुलस गया। वर्तमान में बच्चा लखनऊ मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।

शादी के खुशी के माहौल में छाया खौफ

मामला छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मलौली गोसाई गांव का है। यहां एक रिश्तेदार की शादी थी। खुशी के इस माहौल में 11 वर्षीय चमन भी खेल-कूद कर रहा था। रिपोर्ट्स के अनुसार, चमन भोजन स्थल पर पहुंचा और वहां रखी डिश में से रसगुल्ले निकालकर खाने लगा। कुछ बार रसगुल्ला निकालने पर कैटरिंग ठेकेदार को गुस्सा आ गया।

सीधे तंदूर में गिरा मासूम

आरोप है कि आपा खो बैठे ठेकेदार ने पहले बच्चे को पकड़कर डराया और फिर उठाकर जलते हुए तंदूर के ऊपर ले जाकर धकेल दिया। इसी दौरान अनियंत्रित होकर चमन सीधे तंदूर के भीतर जा गिरा। आग की लपटों और तंदूर की चीख सुनकर वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए और हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे तंदूर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसका शरीर बुरी तरह जल चुका था।

मां का साया उठने के बाद ननिहाल में रह रहा था चमन

पीड़ित बच्चा चमन, गोंडा जिले के नवाबगंज थानांतर्गत दुर्जनपुर का रहने वाला है। कुछ समय पहले ही उसकी मां का निधन हो गया था। मां के जाने के बाद वह बस्ती के बाघानाला स्थित ननिहाल में रहकर कक्षा दो में पढ़ाई कर रहा था। नानी के साथ वह खुशी-खुशी शादी में शामिल होने आया था, लेकिन किसी ने सोचा भी नहीं था कि उसकी मासूमियत इतनी भयानक सजा देगी।

अयोध्या से लखनऊ रेफर, हालत नाजुक

तत्काल चमन को अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन चेहरे से लेकर कमर तक गंभीर जख्मों को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज (KGMU) रेफर कर दिया। वहां बच्चे की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी फरार

घटना के बाद आरोपी ठेकेदार मौके से फरार हो गया। पीड़ित के मामा देवीदीन निषाद ने तंदूर कारीगर के खिलाफ छावनी थाने में तहरीर दी है। डीएसपी स्वर्णिमा सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now