ऋषी तिवारी
नई दिल्ली। दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने और यमुना नदी की सौंदर्यता को नया रूप देने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। राजधानी में पहली बार ‘यमुना क्रूज सेवा’ शुरू होने जा रही है, जिसकी झलक लोगों को देखने को मिल चुकी है। दिल्ली सरकार इस परियोजना को अपनी प्रमुख उपलब्धियों में शुमार कर रही है। यह क्रूज 20 फरवरी को लॉन्च किया जाएगा। यह बीजेपी सरकार के एक साल पूरे होने के जश्न के तहत एक फ्लैगशिप इवेंट होगा।
यह होगा रूट और समय
बता दें कि यह क्रूज सेवा सोनीया विहार से जगतपुर के बीच पांच किलोमीटर के दायरे में संचालित होगी। यह पूरा सफर करीब एक घंटे का होगा, जिसमें यात्रियों को यमुना के किनारों के घाटों और प्राकृतिक दृश्यों का अनूठा अनुभव होगा। अधिकारियों का मानना है कि इससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
यह भी पढ़ें : मजबूत कहानी और एक्शन के दम पर ‘बॉर्डर 2’ बनी साल 2026 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर
क्रूज की खासियत और सुरक्षा
इस क्रूज को मुंबई की ‘इंस्पिरेशन मरीन प्राइवेट लिमिटेड’ ने तैयार किया है। यह 40 फीट लंबा रिवर क्रूजर है। इसे खास ‘कैटामरान डिजाइन’ में बनाया गया है, जिससे इसकी स्थिरता बढ़ती है और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। इसमें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं, जिसमें लाइफ जैकेट, लाइफ रिंग और फायर फाइटिंग सिस्टम शामिल हैं।
यात्रियों की क्षमता और व्यवस्था
क्रूज में कुल 32 लोगों के बैठने की व्यवस्था है, जिसमें दो क्रू सदस्य भी होंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए जेट्टी पर टिकट काउंटर, बोर्डिंग जोन और वेटिंग एरिया बनाए गए हैं। फिलहाल, क्रूज को सोनीया विहार स्पोर्ट्स क्लब में ड्राई डॉक में रखा गया है, जहां अंतिम तैयारियां चल रही हैं। बताया जा रहा है कि 16 या 17 फरवरी को इसका ट्रायल रन किया जा सकता है।
पर्यटन और पर्यावरण पर जोर
सरकार का दावा है कि इस क्रूज सेवा से यमुना नदी के पुनर्जीवन और पर्यटन को नई पहचान मिलेगी। लंबे समय से प्रदूषण और उपेक्षा का शिकार रही यमुना को अब एक नई पहचान देने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में, दिल्ली सरकार 8 फरवरी को रामलीला मैदान से 500 इलेक्ट्रिक बसों को भी हरी झंडी दिखाने जा रही है, ताकि राजधानी में पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा मिल सके।





















Comments are closed.