संध्या समय न्यूज
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी सनी देओल स्टारर वॉर-ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है। 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म साल 2026 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर्स में शुमार हो चुकी है। दूसरे हफ्ते के बाद कमाई में आई गिरावट के बावजूद फिल्म लगातार नए रिकॉर्ड्स स्थापित करती हुई आगे बढ़ रही है।
रिलीज के 15वें दिन यानी तीसरे शुक्रवार को फिल्म ने लगभग 2.85 करोड़ रुपये की कमाई की है। यह अब तक फिल्म का सबसे कम सिंगल-डे कलेक्शन जरूर है, लेकिन तीसरे हफ्ते में किसी भी बड़ी फिल्म के लिए यह आंकड़ा काफी मजबूत माना जाता है। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, 15 दिनों के अंदर फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर लगभग 297.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। वहीं, मेकर्स के आंकड़ों के अनुसार फिल्म की कुल कमाई 325 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है।
यह भी पढ़ें : तिल-गुड़ और खिचड़ी के साथ दिल्ली भाजपा ने दिया एकजुटता का संदेश
पहले हफ्ते की रही धमाकेदार शुरुआत
फिल्म ने रिलीज के पहले दिन ही लगभग 30 करोड़ रुपये की धमाकेदार ओपनिंग दी थी और पहले हफ्ते में ही 220 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर डाली थी। देशभक्ति और युद्ध पर आधारित इस दमदार कहानी ने दर्शकों को खूब खींचा। दूसरे हफ्ते में फिल्म की कमाई में करीब 68 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, फिर भी इस दौरान फिल्म ने 70 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया।
‘सैयारा’ का रिकॉर्ड खतरे में
अक फिल्मी गलियारों में सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ‘बॉर्डर 2’ अहान पांडे और अनित पड्डा स्टारर ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘सैयारा’ का लाइफटाइम कलेक्शन रिकॉर्ड तोड़ पाएगी। ‘सैयारा’ का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 337.78 करोड़ रुपये रहा था। फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए विश्लेषकों का मानना है कि तीसरे वीकेंड तक ‘बॉर्डर 2’ आसानी से यह रिकॉर्ड पार कर सकती है।
कहानी और कलाकार
1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध पर आधारित ‘बॉर्डर 2’ में देशभक्ति, बलिदान और जज्बे को बड़े पैमाने पर प्रदर्शित किया गया है। फिल्म के मुख्य किरदारों में सनी देओल के अलावा वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, मोना सिंह, सोनम बाजवा और मेधा राणा अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। मजबूत स्टार कास्ट, दमदार एक्शन और भावनात्मक कहानी के दम पर ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने के करीब पहुंच चुकी है।
























