संदिप कुमार गर्ग
ग्रेटर नोएडा। दादरी कोतवाली पुलिस ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए जेल में बंद आरोपी को पीसीआर (पुलिस कस्टडी रिमांड) पर लेकर उसकी निशानदेही पर 50 हजार रुपये नगद और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 02 कंगन पीली धातु, 01 चेन पीली धातु, 02 सिक्के और 01 जोड़ी पाजेब सफेद धातु बरामद की है।
चिटहेरा के पास सारिका विहार कॉलोनी में हुई थी चोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दादरी क्षेत्र के चिटहेरा गांव के पास स्थित सारिका विहार कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाया था। चोरों ने घर में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी के साथ सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर चोरों की तलाश तेज कर दी थी।
बुलंदशहर जेल में बंद आरोपी का सामने आया नाम
जांच के दौरान चोरी की घटना में ककोड़ निवासी चांद पुत्र वहीद का नाम सामने आया। आरोपी किसी अन्य मामले में बुलंदशहर जिला जेल में बंद था। दादरी पुलिस ने आरोपी को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया और उसकी निशानदेही पर ककोड़ रोड स्थित दुल्हैरा गांव के जंगल से चोरी का सामान बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान में 50 हजार रुपये की नगदी, दो पीली धातु के कंगन, एक पीली धातु की चेन, दो सिक्के और एक जोड़ी सफेद धातु की पाजेब शामिल है।
चांद और उसके साथियों ने दिया था वारदात को अंजाम
दादरी कोतवाली प्रभारी के अनुसार, चोरी के इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। इसके बाद जांच के दौरान बुलंदशहर जिला जेल में बंद ककोड़ निवासी चांद का नाम सामने आया। पुलिस का कहना है कि चांद ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
आरोपी पहले ही बुलंदशहर के एक अन्य मामले में जेल चला गया था। दादरी पुलिस लंबे समय से चोरी के मामले में उसकी तलाश कर रही थी। पीसीआर पर लेने के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया।


























