संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। नोएडा में एक बार फिर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। थाना बीटा 2 पुलिस की गुरुवार अल सुबह एनआरआई कट गंदे नाले के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान बाइक सवार युवकों को रुकने का इशारा किया गया था। पुलिस को देखकर दोनों बदमाश भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
बदमाशों की फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली लगने से शुहेब घायल हो गया। शुहेब सराय झांझर, थाना सिकंदराबाद, जिला बुलंदशहर का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, उसके साथी फजल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से लूटे गए पांच मोबाइल फोन, एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही बाइक बरामद की है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं और राह चलते लोगों से मोबाइल फोन लूटने और छीनने की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
पुलिस अब गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास और मोबाइल लूट की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। बरामद मोबाइल फोन और बाइक के संबंध में भी जांच की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नोएडा में राह चलते लोगों से मोबाइल लूट और छिनैती करने वाले बदमाशों के खिलाफ अभियान को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


























