ऋषी तिवारी
आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने दक्षिण भारत में भाजपा की स्थिति मजबूत करने के लिए मैदान में प्रवेश कर दिया है। पीएम मोदी का तमिलनाडु और पुडुचेरी का दौरा कई मायनों में खास है। इस दौरे के दौरान उन्होंने न केवल करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया, बल्कि कांग्रेस और डीएमके जैसे विपक्षी दलों पर भी जबरदस्त हमला बोला।
तमिलनाडु को मिली 4,400 करोड़ रुपये की सौगात
पीएम मोदी ने तमिलनाडु में कुल 4,400 करोड़ रुपये की लागत की परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखी। इस कार्यक्रम के तहत उन्होंने 3 नए आकाशवाणी एफएम चैनलों का शुभारंभ किया, साथ ही 8 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन किया। इसके अलावा, कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए पीएम ने प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों—मरक्कनम-पुडुचेरी और परमकुडी-रामनाथपुरम खंडों को चार लेन बनाने की आधारशिला रखी।मदुरै में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि तमिलनाडु राष्ट्र के भविष्य को आकार देने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ‘विकसित तमिलनाडु’ जरूरी है, और केंद्र सरकार इस दिशा में पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
पुडुचेरी को बनाया जाएगा मेडिकल टूरिज्म हब
तमिलनाडु के बाद पीएम मोदी पुडुचेरी पहुंचे, जहां उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़ी घोषणाएं कीं। पीएम ने कहा कि पुडुचेरी में पहले से ही नौ मेडिकल कॉलेज हैं, जिसके चलते इसे देश का बड़ा ‘मेडिकल टूरिज्म हब’ बनाया जा सकता है। उन्होंने जिपमर (JIPMER) के रीजनल कैंसर सेंटर के आधुनिकीकरण और पीएम-आभिम योजना के तहत तीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक्स की आधारशिला रखी। पीएम ने आश्वासन दिया कि आयुष्मान भारत योजना से लाखों परिवारों को राहत मिल रही है और अब पुडुचेरी के लोगों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि दूसरे राज्यों के लोग यहां इलाज कराने आएंगे।
बॉक्स ऑफिस पर ‘द केरल स्टोरी 2’ ने रविवार को मचाई तहलका
कांग्रेस पर ‘एटीएम’ और डीएमके पर ‘घोटाला’ का आरोप
विकास के मुद्दे के साथ-साथ पीएम मोदी ने अपने संबोधन में विपक्ष को भी नोचा। कांग्रेस और गांधी परिवार पर सीधा निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, “कांग्रेस ने पुडुचेरी को दिल्ली में बैठे एक परिवार के लिए ‘एटीएम’ बना रखा था।” उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पार्टियों ने पुडुचेरी की विकास यात्रा में ‘स्पीड ब्रेकर’ की तरह काम किया। डीएमके को भी नहीं बख्शते हुए पीएम ने कहा कि डीएमके की बात आते ही तमिलनाडु में हुए घोटालों की लंबी सूची सामने आती है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि वे ताकतें जो भ्रष्टाचार और अपराध के दौर का प्रतिनिधित्व करती हैं, फिर से सत्ता की भूखी हो रही हैं। पीएम ने मतदाताओं से सवाल किया, “क्या पुडुचेरी को उस दौर में वापस जाना चाहिए?” और कहा कि उन्हें विश्वास है कि जनता ऐसा नहीं चाहती।

चुनावी माहौल में राजनीतिक संदेश
तमिलनाडु और पुडुचेरी में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में पीएम मोदी का यह दौरा और विकास कार्यों के साथ विपक्ष पर किए गए हमले को रणनीतिक महत्व दिया जा रहा है। साफ जाहिर है कि भाजपा इस बार दक्षिण में अपने प्रदर्शन को सुधारने और बेहतर दखल देने के लिए अभी से मैदान में उतर गई है।
























