अब गोरिल्ला युद्ध का समय, गाजीपुर कांड पर भड़के अखिलेश यादव

UP News: लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि अब पीड़ितों के बीच जाने के लिए प्रशासन को पहले से सूचित करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि हम उन्हें जानकारी ही नहीं देंगे। हम बिना बताए जाएंगे और पीड़ित के लिए काम करेंगे

योगी के 'शेर' पर अखिलेश का तंज

HIGHLIGHTS

  • प्रशासन को नहीं देंगे भनक
  • लखनऊ में भू-माफिया बनी भाजपा
  • योगी के 'शेर' पर अखिलेश का तंज
  • पीडीए का हक छीन रही भाजपा
  • कानून-व्यवस्था हुई अलोकतांत्रिक: सपा

UP News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में हुई पथराव की घटना और सपा नेताओं पर दर्ज मुकदमों को लेकर सपा (समाजवादी पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अब सरकार के खिलाफ ‘गोरिल्ला युद्ध’ (छापामार युद्ध) का समय आ गया है।

लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि अब पीड़ितों के बीच जाने के लिए प्रशासन को पहले से सूचित करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि हम उन्हें जानकारी ही नहीं देंगे। हम बिना बताए जाएंगे और पीड़ित के लिए काम करेंगे ताकि उन्हें न्याय मिल सके, क्योंकि सरकार और प्रशासन हमारे लोगों को रोकने का काम करते हैं।

हाथरस की याद दिलाकर कसा तंज

सपा मुखिया ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को ‘अलोकतांत्रिक’ करार दिया। उन्होंने कहा कि गाजीपुर में सपा जिलाध्यक्ष और विधायकों पर दर्ज मुकदमों से साबित होता है कि सरकार सिर्फ उनकी पार्टी के लोगों को निशाना बना रही है। उन्होंने हाथरस कांड की याद दिलाते हुए कहा कि वहां भी प्रशासन ने परिवार की अंतिम इच्छा पूरी नहीं होने दी थी। अखिलेश ने आरोप लगाया कि अगर पत्रकार सच दिखाते हैं, तो पुलिस उनके पीछे भी पड़ जाती है।

लखनऊ में भाजपा को बताया ‘भू-माफिया’

राजधानी लखनऊ के मुद्दों पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर भू-माफिया बनने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लखनऊ में बीजेपी भू-माफिया के तौर पर काम कर रही है। जहां भी कोई प्रोजेक्ट शुरू होता है, वहां आसपास की जमीनें खरीद ली जाती हैं।

इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘शेर वाली तस्वीर’ और ग्रीन कॉरिडोर के डिजाइन पर चुटकी ली। अखिलेश ने कहा कि लगता है इनका डिजाइन सीएम ने खुद तैयार किया है, क्योंकि बब्बर शेर की मूर्ति बेहद खराब बनाई गई है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के बयानों पर भी तंज कसा।

बंगाल चुनाव पर कहा- पीडीए की ही होगी जीत

पश्चिम बंगाल चुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि वहां ममता बनर्जी की ऐतिहासिक जीत होगी। केंद्रीय बलों की तैनाती पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर बंगाल में 3 लाख पैरा मिलिट्री फोर्स लगी है, तो यूपी में 6 लाख लगा दें, जीत तो ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की ही होगी। अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण और ब्राह्मण समाज पर अत्याचार के मुद्दों को उठाते हुए कहा कि भाजपा पिछड़े वर्गों का अधिकार छीन रही है और न्याय के नाम पर केवल दिखावा कर रही है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now