UP News: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर (नोएडा) में श्रमिकों के आंदोलन को लेकर शुरू हुई सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा इसे ‘साजिश’ बताए जाने के बाद, समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी पर जमकर निशाना साधा है और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्हें सत्ता छोड़ने की सलाह दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक तीखे बयान में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी के उस बयान को आधार बनाया, जिसमें उन्होंने नोएडा में औद्योगिक अशांति को किसी षड्यंत्र का नतीजा बताया था।
‘खुफिया पुलिस कहां थी?’ – अखिलेश का सवाल
बता दें कि अखिलेश यादव ने लिखा कि अगर मुख्यमंत्री योगी जी नोएडा के मजदूरों के आंदोलन को किसी की साजिश बता रहे हैं, तो एक सवाल जनता आपसे पूछ रही है कि अगर ये सच है तो आपकी खुफिया पुलिस क्या आपके साथ बंगाल प्रचार करने गयी थी या वनस्पति की खोजबीन में लीन थी या उसके प्रभाव में? उन्होंने सरकार से सवाल पूछा कि मजदूरों के आंदोलन को नक्सलवाद के आरोप से बदनाम करने से पहले आप ये बताएं कि आपने ऐसा क्या किया है कि 10 सालों में ऐसे हालात बन गये?
‘जख्मों पर नमक न छिड़कें’
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी पर सहानुभूति के बजाय आरोप-मुक्ति का रास्ता अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आप मजदूरों के ज़ख़्मों पर मलहम नहीं लगा सकते तो न लगाएं लेकिन उन जख्मों पर नमक तो न छिड़कें। अखिलेश ने भाजपा सरकार पर कमीशनखोरी से महंगाई फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि महंगाई से पहले से ही परिवार दुखी हैं, उसके ऊपर अवांछित दोषारोपण करना घोर निंदनीय है और हालात बद से बदतर कर सकता है।
‘डबल इंजन बना ट्रबल इंजन, गद्दी छोड़ दीजिए’
अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर सीधा हमला बोलते हुए लिखा कि अगर आप से प्रदेश नहीं संभल रहा है तो ससम्मान इस गद्दी से उतरकर जाइए, नहीं तो जनता उतार देगी। उन्होंने कहा कि भाजपाई खुद तो अंतिम दौर के भ्रष्टाचार में आकंठ लिप्त हैं, इसीलिए न इनसे देश संभल रहा है, न प्रदेश। अखिलेश ने भाजपा के ‘डबल इंजन सरकार’ के नारे पर तंज कसते हुए कहा, “भाजपा का डबल इंजन, जनता के लिए ‘ट्रबल इंजन’ बन गया है। जनता इन सब इंजनों के पहिए खोल देगी और पुर्जे निकालकर, हमेशा के लिए कबाड़खाने में भेज देगी.”

















