संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। नोएडा में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सेक्टर-113 पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश प्रकाश उर्फ चूहा को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 19 जून की रात थाना सेक्टर-113 पुलिस टीम एफएनजी रोड पुस्ता के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बदमाशों ने रुकने के बजाय बाइक दौड़ा दी।
पुलिस का कहना है कि भागते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें प्रकाश उर्फ चूहा पुत्र झब्बा लाल घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
थाना सेक्टर-113 पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस को उसके पास से चोरी की बाइक और लूटे गए चार मोबाइल फोन भी मिले हैं।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही फरार साथी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए प्रकाश उर्फ चूहा से पूछताछ के आधार पर उसके फरार साथी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गिरोह के साथ मिलकर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में कितनी वारदातों को अंजाम दे चुका है।


























