संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। बारिश के मौसम में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं और शहर में बिजली के जर्जर ढांचे को दुरुस्त करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी को लेकर विधायक पंकज सिंह ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाने, पुराने बिजली के खंभों और तारों को बदलने तथा अधिक लोड वाले सेक्टरों में ट्रांसफॉर्मरों की संख्या बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में विद्युत विभाग के चीफ इंजीनियर सहित नोएडा डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। नोएडा बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों के सामने शहर में बिजली से जुड़ी प्रमुख समस्याओं को रखा गया।
बैठक में गांवों, आवासीय क्षेत्रों और औद्योगिक क्षेत्रों में लगे पुराने एवं जर्जर बिजली के खंभों और तारों को बदलने पर विशेष जोर दिया गया। बारिश के दौरान जर्जर विद्युत ढांचे के कारण होने वाली परेशानियों को देखते हुए इनका समयबद्ध तरीके से सुधार करने की जरूरत पर चर्चा हुई।
विधायक पंकज सिंह ने कहा कि बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाना जरूरी है, ताकि लोगों को बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्या का सामना न करना पड़े।
बैठक में उन क्षेत्रों की पहचान करने पर भी चर्चा हुई जहां बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे अधिक लोड वाले सेक्टरों में अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाए जाने का प्रस्ताव रखा गया। इससे बिजली के ओवरलोड होने की समस्या को कम करने और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिल सकती है।
शहर में विकसित हो रही नई कॉलोनियों और क्षेत्रों में विद्युतीकरण की योजना भी बैठक के प्रमुख मुद्दों में शामिल रही। अधिकारियों से कहा गया कि नई जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बिजली के बुनियादी ढांचे की योजना तैयार की जाए, जिससे भविष्य में बढ़ते लोड के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो।
विधायक पंकज सिंह ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जल्द से जल्द विस्तृत योजना तैयार की जाए और उसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू की जाए।
इस योजना का उद्देश्य नोएडा में बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाना, बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्या को कम करना तथा गांवों, आवासीय और औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत ढांचे को मजबूत करना है। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ शहर के औद्योगिक क्षेत्रों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।



























