PM Modi Bengaluru Rally News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को जनता को समर्पित करते हुए देश की बदलती राजनीतिक दशा-दिशा पर स्पष्ट रुख साझा किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज देश ‘घोटालों’ (स्कैम) की बजाय ‘समाधान’ और ‘राष्ट्र नीति’ वाली राजनीति का समर्थन कर रहा है। साथ ही, उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर संस्थाओं के प्रति घृणा फैलाने और अहंकारी होने का जोरदार तंज कसा।
‘बेंगलुरु की धरती से उगा भगवा सूरज, बंगाल की जीत आपकी भी है’
जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज बेंगलुरु की धरती से भगवा सूरज उग आया है। एक भाजपा कार्यकर्ता होने के नाते मैं समझता हूं कि सुबह-सुबह हजारों कार्यकर्ताओं का यहां आना क्या मतलब रखता है। मैं आप सभी का आभारी हूं। बंगाल की जीत आपकी भी जीत है।
10 मई की ऐतिहासिक तारीख का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि 1857 में आज ही के दिन स्वतंत्रता संग्राम की पहली चिंगारी फूटी थी, जिसने बाद में गुलामी की बेड़ियों को जलाकर भस्म कर दिया। साहस और शक्ति की यही विरासत हमारी सबसे बड़ी ताकत है। इसी भावना से प्रेरित होकर हमने कुछ दिन पहले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ भी मनाई।
देश की राजनीति क्यों बदल रही है? पीएम ने बताया कारण
हालिया चुनावी परिणामों पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पुडुचेरी में लगातार दूसरी बार, असम में तीसरी बार एनडीए की सरकार बनना, बंगाल में भाजपा को रिकॉर्ड आशीर्वाद मिलना और गुजरात के पंचायत चुनावों में सारे रिकॉर्ड टूटना— ये सब भारत की राजनीति की नई दिशा दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि ये परिणाम नौजवानों, महिलाओं, किसानों और मध्यम वर्ग का मूड दर्शाते हैं। इसका बड़ा संदेश ये है कि अस्थिरता से घिरी इस दुनिया में, भारत की जनता स्थिरता का मंत्र दे रही है। जनता कह रही है कि हमें स्पीड चाहिए, हमें स्कैम नहीं समाधान चाहिए, हमें राष्ट्र नीति वाली राजनीति चाहिए। आज पूरा देश भाजपा की राष्ट्र नीति के साथ कदम मिलाकर चल रहा है।
बंगाल से लेकर केरल तक भाजपा का बढ़ता जनाधार
पीएम मोदी ने भाजपा के बढ़ते राजनीतिक विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि सिर्फ 10 साल पहले बंगाल में हमारे सिर्फ 3 विधायक थे, लेकिन आज 200 से अधिक विधायकों के साथ भाजपा की सरकार है। केरल में भी हमारी संख्या 1 से बढ़कर 3 हो गई है। अब वो दिन दूर नहीं जब केरल में भी भाजपा-एनडीए बहुमत के आंकड़े को पार कर जाएगी।
कांग्रेस पर करारा तंज- ‘400 से गिरकर 100 तक नहीं पहुंच पा रही’
सबसे शानदार हमला पीएम मोदी ने कांग्रेस पर किया। उन्होंने कहा कि भाजपा 12 साल से केंद्र में है और 21 से ज्यादा प्रदेशों में हमारी सरकारें हैं, लेकिन कांग्रेस को देखिए। जिस पार्टी को 40 साल पहले 400 से अधिक सीटें मिली थीं, वो पिछले 3 चुनावों में सबकुछ मिलाकर भी 100 का आंकड़ा छू नहीं पा रही है। लेकिन कांग्रेस और उसके साथियों का अहंकार इतना अधिक है कि अपनी पराजय के लिए भी वो पूरी दुनिया को दोष दे रहे हैं।
विपक्ष को घेरा- ‘संस्थाओं के प्रति घृणा फैला रहे हैं’
विपक्षी दलों को निशाने पर लेते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “संविधान, लोकतंत्र, संवैधानिक प्रक्रियाओं और कोर्ट के प्रति घृणा— मैंने अपने सार्वजनिक जीवन में कभी किसी भी मुख्यधारा की पार्टी को ऐसा करते नहीं देखा। वो इतनी निराशा की गर्त में डूबे हैं कि गाली-गलौच और भद्दी भाषा के सिवाय उनके पास कोई एजेंडा नहीं बचा है।”
‘गुड गवर्नेंस ही हमारा मॉडल’
अपनी सरकार के कामकाज का बचाव करते हुए पीएम ने कहा कि भाजपा के लिए लोक कल्याण सर्वोपरि है। हमारा मंत्र ‘सबका साथ-सबका विकास’ है और हमारा मॉडल गुड गवर्नेंस (अच्छा शासन) का है। इसलिए हर राज्य की जनता भाजपा को दूसरी-तीसरी बार सेवा करने का अवसर देती है। वहीं, कांग्रेस की कोई भी राज्य सरकार दूसरी बार सत्ता में वापस नहीं लौट पाई है।
























