संध्या समय न्यूज
Mumbai News : मुंबई से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां वैवाहिक विवाद से परेशान एक पति ने अपनी पत्नी को चलती हुई लोकल ट्रेन से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को सूरत से गिरफ्तार कर लिया है।
जाने क्या है पूरा मामला?
बता दें कि पुलिस के अनुसार, आरोपी राजकुमार गुप्ता एक इलेक्ट्रीशियन है। वह अपनी पत्नी पुष्पा (36) के साथ अक्सर झगड़ा करता था। 14 मार्च की सुबह, लगातार झगड़े से तंग आकर आरोपी ने मुलुंड स्टेशन पर चलती ट्रेन से अपनी पत्नी को धक्का दे दिया। घटना के बाद वह अपने छोटे बेटे को लेकर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल पुष्पा को यात्रियों और रेलवे अधिकारियों ने सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें : पिता बनने के बाद रणदीप हुड्डा का दमदार कमबैक! फिल्म में हरियाणवी जाट में दिखेंगे
पहले की थी पुलिस में शिकायत
मृतका के भाई कमलेश कुमार गुप्ता, जो सेना में कार्यरत हैं, ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। इसी वजह से वह अपनी बहन और उसके 15 वर्षीय बेटे को उनके पैतृक गांव उत्तर प्रदेश ले जाने के लिए मुंबई आए थे। उन्होंने बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले ही झगड़े के चलते पुष्पा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
जाने कैसे हुई हत्या?
बता दें कि कमलेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी बहन और भतीजे के साथ मुलुंड स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन वहां उन्हें अपना आर्मी आईडी कार्ड घर पर भूल जाने का पता चला। जब वह और उनका भतीजा आईडी कार्ड लेने घर लौटे, तो क्रोधित राजकुमार ने उन्हें कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद वह सीधे स्टेशन पहुंचा और उसने पत्नी को ट्रेन से धक्का दे दिया।
पुलिस की कार्रवाई
इस हादसे की सूचना मिलते ही यात्रियों ने स्टेशन मास्टर को सूचित किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी राजकुमार गुप्ता को सूरत से गिरफ्तार कर लिया है। वर्तमान में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।




















