संध्या समय न्यूज
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में अपराध के बढ़ते ग्राफ ने फिर से सबको हिलाकर रख दिया है। एक तरफ जहां होली का त्यौहार खुशियों का प्रतीक माना जाता है, वहीं मुंबई के वडाला इलाके में इस त्यौहार ने एक परिवार को उजड़ने का गवाह बना। महज एक मामूली विवाद—पैर छू जाने—के चलते नशे में धुत लोगों ने एक 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। वहीं, दूसरी ओर तीन नाबालिगों द्वारा अपने ही दोस्त की हत्या करने का मामला भी सामने आया है, जिसने शहर को स्तब्ध कर दिया है।
पैर छूने के विवाद में युवक की हत्या
वडाला स्थित कोकरीपाड़ा इलाके में मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे यह दर्दनाक घटना घटी। पुलिस के अनुसार, तुषार उज्जैनवाला (22) अपने एक दोस्त के साथ गुजर रहा था। इसी दौरान, होली मनाकर बैठकर शराब पी रहे कुछ लोगों में से एक का पैर तुषार से गलती से छू गया। इस छोटी सी बात पर नशे में धुत आरोपियों ने तुषार की खूब गाली-गलौज की।
तनाव के बीच हिट वेब सीरीज, 284 मिलियन व्यूअरशिप के साथ बनी टॉप ट्रेंड
भाई के साथ मिलकर की गई हत्या
प्रारंभिक विवाद के बाद तुषार अपने घर गया और अपने बड़े भाई को पूरी घटना बताई। बात सुलझाने की गलतफहमी में दोनों भाई आरोपियों के पास वापस गए, लेकिन आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया। चारों आरोपियों ने मिलकर तुषार की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उसकी हालत गंभीर हो गई। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वडाला पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच तेज कर दी है।
झील में मिला था 14 वर्षीय दोस्त का शव
मुंबई पुलिस के सामने एक और चौंकाने वाला मामला भी आया है, जिसमें बच्चों का अपराध में शामिल होना साफ दिख रहा है। तुलशेत पाड़ा निवासी 14 वर्षीय छात्र सिद्धार्थ का शव विहार झील से बरामद हुआ था। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ कि सिद्धार्थ की हत्या उसके ही तीन नाबालिग दोस्तों ने की थी।
दोस्तों ने हत्या को दिया था हादसे का रूप
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 22 फरवरी को सिद्धार्थ खेलने के लिए निकला और लौटा नहीं। अगले दिन उसके कपड़े और चप्पलें झील के पास मिलीं, जिसके बाद झील से उसका शव निकाला गया। शुरू में इसे डूबने की घटना समझा गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज ने सच्चाई सामने ला दी। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मिलकर सिद्धार्थ पर हमला किया और हत्या को हादसा बताने के लिए शव को झील में फेंक दिया। पुलिस ने तीनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।



















