संध्या समय न्यूज
मध्य पूर्व (Middle East) में ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब सिर्फ खबरों की सुर्खियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी साफ दिख रहा है। वास्तविक दुनिया की राजनीति और तनाव ने दर्शकों को उन वेब सीरीज की ओर धकेल दिया है, जो इसी क्षेत्र की जासूसी दुनिया और राजनीतिक माहौल पर आधारित हैं। ‘फौदा’ (Fauda) और ‘तेहरान’ (Tehran) जैसी सीरीज अचानक से दर्शकों की पसंद बन गई हैं, जहाँ लोग सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि मौजूदा भू-राजनीतिक हालात को समझने के लिए भी इन्हें देख रहे हैं।
‘फौदा’ ने बिना नए सीजन के बनाया रिकॉर्ड
नेटफ्लिक्स (Netflix) पर स्ट्रीम होने वाली इजरायली सीरीज ‘फौदा’ ने इस समय खूब चर्चा बटोरी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भले ही इसका कोई नया सीजन हाल ही में रिलीज नहीं हुआ है, लेकिन इसने अपने पुराने सीजन्स से शानदार प्रदर्शन किया है। इस सीरीज ने कुल 284.10 मिलियन घंटे का वॉच टाइम हासिल किया, जो कि लगभग 3.45 करोड़ व्यूज के बराबर है।
दुबई में फंसी 6 साल की बेटी की बात सुन सिंगर एमी विर्क हुए इमोशनल
यह सीरीज इजरायली अंडरकवर एजेंट्स की कहानी है, जो वेस्ट बैंक में अपने मिशन को अंजाम देते हैं। इसकी लोकप्रियता सिर्फ इजरायल तक ही नहीं, बल्कि भारत, लेबनान, यूएई और कतर जैसे देशों में भी तेजी से बढ़ी है। भारत में इस सीरीज की लोकप्रियता तब और बढ़ गई थी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने इजरायल दौरे के दौरान ‘फौदा’ टीम के साथ एक सेल्फी शेयर की थी।
‘तेहरान’ ने दुनिया भर में बनाई पहचान
‘फौदा’ के साथ-साथ ऐप्पल टीवी+ (Apple TV+) की सीरीज ‘तेहरान’ भी फिर से सुर्खियों में है। ईरान के भीतर काम कर रही एक मोसाद एजेंट पर आधारित यह कहानी आज के हालात से काफी हद तक मेल खाती है। इस सीरीज की कहानी ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम को लेकर बुनी गई है, जो वर्तमान संघर्ष को समझने में दर्शकों की मदद कर रही है।
‘तेहरान’ को अपनी शानदार कहानी के लिए 2021 में इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड में ‘बेस्ट ड्रामा सीरीज’ का खिताब भी मिल चुका है। नए सीजन में देरी होने के बावजूद दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ है और वे इसे काफी पसंद दे रहे हैं।
दर्शकों का बदला नजरिया
जाहिर सी बात है कि जब वास्तविक दुनिया में तनाव बढ़ता है, तो लोग उसे समझने की कोशिश में कल्पना की दुनिया का सहारा लेते हैं। इन शोज की लोकप्रियता यह दर्शाती है कि दर्शक अब सिर्फ मनोरंजन के लिए ही नहीं, बल्कि दुनिया की जटिल राजनीति और जासूसी के खेल को करीब से जानने के लिए भी ओटीटी कंटेंट का इस्तेमाल कर रहे हैं।


















