Delhi News: दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में रविवार रात एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
तीसरी-चौथी मंजिल तक फैली आग
प्राप्त जानकारी के मुताबिक आग इमारत की तीसरी और संभवतः चौथी मंजिल तक फैल गई थी। जिस इमारत में आग लगी, उसकी ऊपरी मंजिल पर एक परिवार रहता है। राहत की बात यह रही कि स्थानीय लोगों की सतर्कता और समय पर कार्रवाई के चलते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
घनी वायरिंग और ज्वलनशील सामग्री से बढ़ा खतरा
चावड़ी बाजार इलाका गत्ते और शादी के कार्ड बनाने के लिए जाना जाता है, जहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री मौजूद रहती है। साथ ही, पूरे क्षेत्र में बिजली के तारों का घना जाल बिछा हुआ है, जो आग लगने की घटनाओं को और खतरनाक बना देता है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
मंत्री ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जाएगी।
मंत्री ने बताया कि रेखा गुप्ता के नेतृत्व में जल्द ही एक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत इमारतों को आधुनिक फायर सेफ्टी उपकरणों से लैस किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
10 सदस्यीय परिवार सुरक्षित
भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर के अनुसार, बल्लीमारान विधानसभा क्षेत्र की इस इमारत में लगी आग तेजी से फैल गई थी, लेकिन व्यापारी विपुल गोयल के 10 सदस्यीय परिवार को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना पर सियासत भी तेज
घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। प्रवीण शंकर कपूर ने आरोप लगाया कि क्षेत्रीय विधायक इमरान हुसैन और पार्षद सादिक घटना के काफी देर बाद मौके पर पहुंचे। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियां जांच में जुटी हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना दें।
























