Trump Speaks to PM Modi: ईरान के साथ ऐतिहासिक सीजफायर और बातचीत की पहल करने के तुरंत बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत का रुख किया है। ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन किया है, जो कई मायनों में बेहद खास मानी जा रही है। ईरान के साथ तनाव शुरू होने से लेकर अब तक के पूरे घटनाक्रम में यह पहली बार है जब ट्रंप ने सीधे पीएम मोदी से संपर्क साधा है।
होर्मुज पर हाई-लेवल मंथन
आज हुई इस फोन कॉल का सबसे बड़ा एजेंडा ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ (Strait of Hormuz) रहा। दोनों नेताओं ने इस समुद्री मार्ग को बिना किसी रुकावट के खुला रखने की अहमियत पर जोर दिया। यह वह समुद्री रास्ता है, जहां से दुनिया का एक-तिहाई तेल गुजरता है और ईरान इसी होर्मुज पर चोकहोल्ड बनाकर वैश्विक सप्लाई को रोके हुए है। ट्रंप अच्छी तरह जानते हैं कि अगर ईरान के साथ सीजफायर को सफल बनाना है और तेल की ग्लोबल सप्लाई सुरक्षित रखनी है, तो भारत की भूमिका सबसे अहम होगी। इस पहल से साफ झलक रहा है कि वेस्ट एशिया के संकट को सुलझाने के लिए अमेरिका भारत को एक भरोसेमंद ‘मध्यस्थ’ (Mediator) के रूप में देख रहा है।
यह भी पढ़ें : ‘धुरंधर-2’ के तूफान के बीच अक्षय कुमार का बड़ा बयान
रूबियो-जयशंकर ने की थी तैयारी
यह कॉल उस समय हुई है, जब महज 24 घंटे पहले भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के बीच लंबी चर्चा हुई थी। सूत्रों के मुताबिक, रूबियो और जयशंकर ने मिलकर इस ‘बॉस लेवल’ की बातचीत का मैदान तैयार किया था।
व्यापार से ‘वैश्विक शांति’ तक का सफर
इससे पहले फरवरी की शुरुआत में दोनों नेताओं के बीच ऐतिहासिक ‘ट्रेड डील’ को लेकर बातचीत हुई थी। उस समय से अब तक मिडिल ईस्ट में काफी खून बह चुका है। जहां फरवरी में चर्चा व्यापार और टैरिफ पर केंद्रित थी, वहीं आज की चर्चा ‘ग्लोबल पीस’ (वैश्विक शांति) और ‘एनर्जी सिक्योरिटी’ (ऊर्जा सुरक्षा) पर रही। ट्रंप ने पीएम मोदी को ईरान के साथ अपनी शुरुआती बातचीत का ब्योरा दिया है और उम्मीद जताई गई है कि वे इस मामले में भारत के प्रभाव का इस्तेमाल करेंगे।
यह भी पढ़ें : यूपी में निवेश को नई रफ्तार, सीएम योगी ने किया ‘निवेश मित्र 3.0’ का लॉन्च
विश्लेषकों का मानना है कि अगर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होता है, तो भारत की अर्थव्यवस्था पर इसका सीधा और गहरा असर पड़ेगा। ऐसे में मोदी और ट्रंप की यह जुगलबंदी वैश्विक बाजार के लिए किसी बूस्टर डोज से कम नहीं है। यह द्विपक्षीय संवाद न केवल दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करता है, बल्कि वैश्विक तेल कीमतों और आपूर्ति श्रृंखला को स्थिर करने में भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।



























