दिल्ली का ऐतिहासिक लाल किला मैदान एक बार फिर श्रद्धा और भक्ति के स्वरों से गूंजने को तैयार है। विश्व प्रसिद्ध लव कुश रामलीला कमेटी ने कांस्टीट्यूशन क्लब, नई दिल्ली में आयोजित प्रेस वार्ता में इस बार के भव्य आयोजन की झलक साझा की। कार्यक्रम में कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने मीडिया से उन कलाकारों का परिचय कराया, जो इस बार रावण, नारद मुनि और केवट के किरदारों में दर्शकों के सामने होंगे।
फिल्मी कलाकार निभाएंगे बड़े किरदार
फिल्म और टेलीविजन जगत से जुड़े जाने-माने अभिनेता राजप्रेमी इस बार रावण की भूमिका में नजर आएंगे। संजय खान के धारावाहिक ‘जय हनुमान’ में मुख्य किरदार सहित कई फिल्मों और पौराणिक सीरियल में अपनी अलग पहचान बना चुके राजप्रेमी ने कहा कि लाल किला मैदान पर रावण का अभिनय करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कमेटी के पदाधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया।
वरिष्ठ अभिनेता पेंटल कंवरजीत सिंह पहली बार किसी रामलीला मंच पर नारद मुनि का किरदार साकार करेंगे। फिल्मफेयर अवार्ड सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मान पा चुके पेंटल ने कहा कि पौराणिक सीरियलों में वर्षों काम करने के बाद दिल्ली की लाइव रामलीला में हिस्सा लेना उनके लिए यादगार अनुभव होगा। वहीं जाने-माने अभिनेता एवं गायक शंकर साहनी केवट की भूमिका करेंगे। साहनी ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से रामलीला से जुड़े हैं और इस बार केवट का रोल निभाएंगे।
140 फुट लंबे मंच पर मीनाक्षी मंदिर की नक्काशी
अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने मीडिया से बातचीत में बताया कि रामलीला मंचन के लिए 140 फुट लंबा, 60 फुट चौड़ा और 45 फुट ऊंचा चार मंजिला भव्य स्टेज तैयार किया जा रहा है, जिसे मदुरै के विश्व प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर की आकृति में गढ़ा जाएगा। कोलकाता, दिल्ली, मुंबई, गुजरात, राजस्थान, मथुरा और वृंदावन के कारीगर महीनों से इसमें जुटे हैं। मंदिर की नक्काशी, गुंबद और स्तंभ भारतीय शिल्पकला की समृद्ध परंपरा को झलकाएंगे।
स्टेज को एक लाख से अधिक मल्टीकलर एलईडी लाइट्स से सजाया जाएगा। रोशनी बदलने के साथ मंदिर का हर हिस्सा दिव्य आभा से जगमगा उठेगा। नीली, सुनहरी, लाल और हरी रोशनी का संगम पूरे परिसर को अलौकिक बना देगा। इसी सेट पर 31 फीट ऊंचे कैलाश पर्वत और घने जंगल का दृश्य भी तैयार किया जाएगा।
हाईटेक विजुअल इफेक्ट्स से दर्शकों को मिलेगा अद्भुत अनुभव
केवट के सीन में जब श्रीराम, लक्ष्मण और सीता नाव से नदी पार करेंगे, तो विजुअल इफेक्ट्स की मदद से पूरा मंच पानी से भरा प्रतीत होगा और नाव चलती हुई दिखाई देगी। जंगल के दृश्यों में दर्शकों को लगेगा कि वे स्वयं पक्षियों, पशुओं और प्रकृति के बीच बैठे हैं। चिड़ियों की चहचहाहट, शेर की दहाड़ और मोर का नाच मंच को जीवंत कर देगा।
दूसरी मंजिल पर 135 बाई 14 की विशाल एलईडी स्क्रीन, 3डी मैपिंग और डिजिटल डॉल्बी साउंड के साथ प्रतिदिन श्रीरामलीला का मंचन होगा। तीसरी मंजिल से आकाश में विचरण करते देवी-देवता प्रभु श्रीराम पर पुष्प वर्षा करते दिखाई देंगे। युद्ध के दृश्यों के दौरान 70 फीट की ऊंचाई पर भूत-प्रेत और राक्षस डरावनी आवाजों के साथ दर्शकों को रोमांचित करेंगे, जिसके लिए स्टीरियो फोनिक 8-ट्रैक और डिजिटल डॉल्बी साउंड का इस्तेमाल होगा।
‘रामायण’ फिल्म के विरोध पर अडिग कमेटी
अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने सनातन हिंदू धर्म को लेकर लगातार बयानबाजी करने पर अभिनेत्री स्वरा भास्कर को नसीहत देते हुए कहा कि यदि उन्हें सनातन संस्कृति को समझना है, तो सबसे पहले रामलीला का अवलोकन करें। प्रभु श्रीराम, सीता, लक्ष्मण और रामायण से जुड़े भारतीय मूल्यों को जानने के बाद ही सनातन पर टिप्पणी करें।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि रामलीला महासंघ रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म ‘रामायण’ के विरोध के अपने निर्णय पर अटल है। मेकर्स को भेजे गए पत्र का जवाब और रिलीज से पहले रामलीला आयोजकों के लिए फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग की मांग पर संगठन कायम है। उन्होंने चेताया कि फिल्म में रामायण के साथ कोई तोड़-मरोड़ की गई, तो इसका जोरदार विरोध किया जाएगा।
11 से 21 अक्टूबर तक मंचन, 20 अक्टूबर को रावण दहन
कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि रामलीला का मंचन 11 से 21 अक्टूबर तक होगा और दशहरा पर्व पर 20 अक्टूबर को दिल्ली सहित पूरे देश में रावण दहन उत्साह के साथ संपन्न होगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर 2026 को लाल किला मैदान पर सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, नारायण सेवा संस्थान, तारा नेत्रालय तथा एलप्स के संयुक्त तत्वावधान में हेल्थ मेले का आयोजन होगा। इसमें निःशुल्क दिव्यांग सहायक उपकरण, आर्टिफिशियल लिम्ब्स, ट्राईसाइकिल, चश्मे और सुनने की मशीनों का वितरण होगा, साथ ही आंखों की जांच एवं ऑपरेशन हेतु चयन भी किया जाएगा।
20 सितंबर को भव्य भूमि पूजन समारोह
कमेटी के चेयरमैन पवन गुप्ता ने बताया कि 20 सितंबर को भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया है, जिसमें अनेक केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक, निगम पार्षद सहित गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने पत्रकार बंधुओं को सादर आमंत्रित किया।
चेयरमैन ने बताया कि रामलीला मंचन के दौरान कई राजनीतिक दलों के नेता, स्टेज कलाकार और खेल जगत की दिग्गज हस्तियां अलग-अलग किरदार निभाती नजर आएंगी।

























