---Advertisement---

पंजाब नहीं झुकेगा: ईडी रेड पर मोदी सरकार पर बरसे केजरीवाल

AAP Party Arvind Kejriwal News:संजीव अरोड़ा पर लगातार ईडी की कार्रवाई को लेकर केजरीवाल ने एक बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल को जब संजीव अरोड़ा के यहां ईडी की रेड हुई, तो अशोक मित्तल के यहां भी रेड हुई।

पंजाब में ईडी की कार्रवाई पर भड़के अरविंद केजरीवाल

HIGHLIGHTS

  • संजीव अरोड़ा पर दूसरी रेड से गरमाई पंजाब की राजनीति
  • ईडी का इस्तेमाल विपक्ष तोड़ने में हो रहा: अरविंद केजरीवाल
  • भाजपा जॉइन करो या जेल जाओ? केजरीवाल का केंद्र पर हमला
  • पंजाब भाजपा-ईडी गठजोड़ को खत्म करेगा” — केजरीवाल
  • अशोक मित्तल ने भाजपा जॉइन की, रेड बंद हुई: केजरीवाल

AAP Party Arvind Kejriwal News: आप पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रेड पर मोदी सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि ईडी का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग रोकने के लिए नहीं, बल्कि विपक्षी नेताओं को डराने-धमकाने और भाजपा में शामिल कराने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पंजाब कभी भाजपा और ईडी के अनैतिक गठजोड़ के आगे नहीं झुकेगा।

शनिवार को आप मुख्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ईडी के सहारे मोदी जी ने पंजाब को ललकारा है। पंजाब पहले भी नहीं झुका और अब भी नहीं झुकेगा। पंजाब ही भाजपा और ईडी के बीच इस अनैतिक गठजोड़ को खत्म करेगा।

‘जो भाजपा ज्वाइन करेगा, रेड बंद; जो मना करेगा, जेल’

संजीव अरोड़ा पर लगातार ईडी की कार्रवाई को लेकर केजरीवाल ने एक बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल को जब संजीव अरोड़ा के यहां ईडी की रेड हुई, तो अशोक मित्तल के यहां भी रेड हुई। अशोक मित्तल ने भाजपा ज्वाइन कर ली तो उनके खिलाफ रेड बंद हो गई और सारा मामला रफा-दफा हो गया। लेकिन संजीव अरोड़ा ने भाजपा ज्वाइन करने से इनकार कर दिया, इसलिए आज उनके घर पर एक महीने के अंदर दूसरी बार रेड हुई है। यह रेड उन्हें सबक सिखाने के लिए है कि उन्होंने भाजपा क्यों नहीं ज्वाइन की।

भ्रष्टाचार पर चुप्पी, विपक्ष को तोड़ने में सक्रिय ईडी-CBI

केजरीवाल ने कहा कि मोदी राज में CBI भ्रष्टाचार रोकने और ईडी मनी लॉन्ड्रिंग रोकने का काम नहीं करती। उन्होंने कहा कि देश में चुनाव खत्म होते ही ईडी की पूरी टीम पंजाब में आ गई है। इनका मकसद काला पैसा ढूंढना नहीं है, बल्कि दूसरी पार्टियों को तोड़ना है।

उन्होंने विपक्ष से भाजपा में शामिल हुए नेताओं के उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने खुद शुभेंदु अधिकारी, हिमंता बिस्वा सरमा और अजित पवार पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप लगाए थे। लेकिन जैसे ही उन्होंने भाजपा ज्वाइन की, एक को मुख्यमंत्री बना दिया, दूसरे को उपमुख्यमंत्री। ईडी शुभेंदु अधिकारी के घर नहीं जाएगी, वह संजीव अरोड़ा के घर जाएगी। हिमंता को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, केजरीवाल को किया जाएगा। अजित पवार को नहीं पकड़ा जाएगा, मनीष सिसोदिया को पकड़ा जाएगा।

‘पंजाब के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा’

केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर पंजाब के साथ लगातार धक्का करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले 4 सालों से पंजाब के ग्रामीण विकास के हजारों करोड़ रुपए रोके हुए हैं। पंजाब यूनिवर्सिटी को टेकओवर करने, चंडीगढ़ हरियाणा को देने और बीबीएमबी के जरिए पंजाब के पानी पर डाका डालने की कोशिशें की जा रही हैं। पंजाब को कुचलने की कोशिश की जा रही है।

मोदी को औरंगजेब बताया, 2027 का दिया चेतावनी

अपने सबसे सनसनीखेज हमले में केजरीवाल ने पीएम मोदी की तुलना मुगल शासक औरंगजेब से की। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं की धरती है। जब औरंगजेब ने पूरे देश पर कब्जा करके पंजाब पर नजर डाली और अत्याचार किया, तब हमारे गुरु साहिबान ने कुर्बानियां देकर उसका सामना किया था। आज मोदी जी ने बेईमानी से देश के कई हिस्सों पर कब्जा कर लिया है और अब पंजाब को टारगेट कर रहे हैं। लेकिन पंजाब इस अत्याचार को बर्दाश्त नहीं करेगा। जिस तरह पंजाब ने औरंगजेब को जवाब दिया, वैसे ही 2027 के चुनाव में मोदी जी को भी जवाब देगा।

केजरीवाल ने पीएम मोदी से हाथ जोड़कर निवेदन किया कि जिस तरह आपको काले कानूनों के समय पंजाब के किसानों के सामने घुटने टेकने पड़े थे, वैसे ही इस धक्काशाही को भी बंद कीजिए। पंजाब के साथ अन्याय करने का परिणाम भुगतना पड़ेगा।

Rishi Tiwari

ऋषी तिवारी (Rishi Tiwari) वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली एनसीआर में एपीएनएस न्यूज ऐजेंसी लंबे समय तक सेवाएं देने के पश्चात सेवानिवृत्त हुए। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ अपनी नई पत्रकारिता पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षो से जुड़े रहकर निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now