UP News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से रफ्तार का एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। खखरेरू थाना क्षेत्र के चकिया गांव के पास एक तेज रफ्तार स्कूली बस ने साइकिल सवार छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बस ने छात्र को उसकी साइकिल समेत करीब 50 मीटर तक घसीटा, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य बाइक सवार छात्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
घर का इकलौता चिराग बुझा
मृतक छात्र की पहचान आयुष कुमार (पुत्र विजय कुमार कोरी, निवासी चकिया, खखरेरू) के रूप में हुई है। आयुष खखरेरू स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल में कक्षा आठवीं का छात्र था। घर से खाना खाकर वह स्कूल जा रहा था कि अचानक यह दुर्घटना हो गई। परिवार के लिए सबसे बड़ा झटका इसलिए भी है, क्योंकि आयुष अपने माता-पिता का तीन बहनों के बीच इकलौता पुत्र और घर का एकमात्र चिराग था।
50 मीटर तक घसीटने से शरीर हुआ चिथड़े-चिथड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूली बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर होने के बाद भी चालक ने बस को रोकने का प्रयास नहीं किया। बस ने आयुष को साइकिल समेत करीब 50 मीटर तक घसीटा। इस दौरान छात्र का शरीर इतना क्षत-विक्षत हो गया कि उसके चिथड़े उड़ गए और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें : सोमवार व्रत कथा का रोचक प्रसंग, जाने शिव का ये चमत्कार
बस ने एक अन्य छात्र को भी रौंदा
इसी दौरान, बेकाबू होकर भाग रही बस ने सड़क पर एक अन्य बाइक सवार छात्र शिवम यादव (पुत्र विजय कुमार, निवासी बरयेपुर, उम्र 19 वर्ष) को भी रौंद दिया। शिवम की हालत नाजुक बताई जा रही है। राहगीरों की मदद से उसे तत्काल खखरेरू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए उसे मंझनपुर रेफर कर दिया है।
चालक मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटनाकारी बस साधु शरण सिंह इंटर कॉलेज, बरयेपुर (फतेहपुर) की है। हादसे के वक्त बस खखरेरू से बच्चों को लेकर बरयेपुर वापस लौट रही थी। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन को बीच सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और गुस्साई लोगों ने जाम लगाने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए खखरेरू थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और भीड़ को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार बस चालक की तलाश में जुट गई है। पुलिस मामले की हर बिंदु से जांच कर रही है।




















