Delhi News: आप पार्टी (AAP) में जारी सियासी भूचाल के बीच, पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने राघव चड्ढा सहित पार्टी छोड़कर जा रहे सभी नेताओं पर जमकर प्रहार किया है। संजय सिंह ने इस पूरे प्रकरण को भाजपा की साजिश और पंजाब की जनता के साथ धोखाधड़ी करार दिया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संजय सिंह ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी और शाह के इशारे पर ‘मिशन लोटस’ (ऑपरेशन लोटस) को अंजाम दिया जा रहा है। यह सस्ती राजनीति से भरा खेल है, जिसका एकमात्र मकसद सिर्फ पंजाब में भगवंत मान सरकार के विकास कार्यों को रोकना है।
पंजाब के विकास को रोकने की साजिश
आप पार्टी नेता ने पंजाब सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “पंजाब सरकार वहां के बच्चों को विश्व स्तरीय शिक्षा देने और बीमारियों से जूझ रहे लोगों को 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दे रही है। भाजपा ने सिर्फ इसी अच्छे काम को रोकने और सरकार को कमजोर करने के लिए इन नेताओं की खरीद-फरोख्त की है, जो कि पंजाब के साथ की गई एक बड़ी गद्दारी है।”
राघव चड्ढा पर सीधा प्रहार
राज्यसभा से टूटकर भाजपा में शामिल होने वाले सात सांसदों पर बात करते हुए संजय सिंह ने खासकर राघव चड्ढा का नाम लिया। उन्होंने कहा कि आप पार्टी ने राघव चड्ढा को कमी कोई रखी थी? हमने इन लोगों को जमीनी स्तर से उठाकर संसद तक पहुंचाया, लेकिन इन्होंने पंजाब की जनता के सपनों पर पानी फेर दिया। इन सातों नामों को पंजाब की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
जनता देगी करारा जवाब
अपने बयान के अंत में संजय सिंह ने भाजपा को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मैं मोदी जी और अमित शाह जी से कहना चाहता हूं कि आपने जिस तरह से भगवंत मान के कामों को रोकने के लिए यह सस्ता खेल खेला है, उसका जवाब पंजाब की जनता बैलट पेपर से देगी और वह आपको यह कदम कभी माफ नहीं करेगी।

























