Delhi News: दिल्ली से एक ऐसा मामला सामने आया है जो इंसानियत को शर्मसार कर देगा। पुल प्रहलादपुर इलाके में एक शख्स ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। सबसे ज्यादा दहशत की बात यह है कि इस पूरी वारदात को उनकी डेढ़ साल की मासूम बच्ची ने आंखों से देखा। पुलिस से मिली जानकारी और पड़ोसियों के बयान के अनुसार, आरोपी पति ने गैस सिलेंडर को हथियार बनाकर पत्नी के सिर और रीढ़ की हड्डी पर बार-बार वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
डेढ़ साल की बच्ची को गोद में लेकर बैठा था आरोपी
बता दें कि 29 मार्च (रविवार) की रात करीब 9:30 बजे का है। पड़ोसियों को जब तेज चीखने-चिल्लाने की आवाज आई तो वह बाहर निकले। पीड़िता ‘बचा लो, बचा लो’ चिल्ला रही थी। जब पड़ोसियों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की तो अंदर से कुंडी लगी हुई थी। बाद में मकान मालिक को बुलाकर जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का नजारा हैवानियत से भरा हुआ था। महिला की लाश जमीन पर पड़ी थी और उसके पास खून से लथपथ गैस सिलेंडर रखा था। वहीं, आरोपी पति सुरेश एक कोने में बैठा था और उसकी गोद में डेढ़ साल की मासूम बेटी थी।
गैस सिलेंडर से किए बेरहमी से वार
पड़ोसियों ने बताया कि हमला इतना जबरदस्त था कि महिला के हाथ तोड़ दिए गए और सिर व रीढ़ की हड्डी को गंभीर चोटें आईं। पूनम ने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
यह भी पढ़ें : पश्चिम बंगाल चुनाव: 184 पुलिस थाना प्रभारियों और 83 BDOs का तबादला
क्या है पूरा मामला और हत्या का कारण?
बता दें कि यह दंपति पुल प्रहलादपुर स्थित एक DDA फ्लैट में किराये पर रहता था। उन्हें यहां आए हुए महज एक महीना ही हुआ था। जानकारी के अनुसार, आरोपी सुरेश को अपनी पत्नी पूनम पर गलत शक (संदेह) रहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद भी होता था। बता यह जा रहा है कि पड़ोसियों ने पहले कभी इस दंपती के बीच लड़ाई-झगड़ा नहीं सुना था। रविवार की रात जब चीखने की आवाज आई, तो पड़ोसियों को यकीन ही नहीं हुआ कि अंदर इतना बड़ा जघन्य अपराध हो रहा है।
पुलिस ने पूनम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी सुरेश से पूछताछ जारी है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के बाद सबसे बड़ा सवाल उस डेढ़ साल की मासूम के भविष्य को लेकर है। फिलहाल, बच्ची को पड़ोसियों ने अपने संरक्षण में रखा हुआ है। पुलिस ने सुरेश के एक दोस्त को सूचना दी है और बच्ची को सुरक्षित हस्तांतरण के लिए उसके मामा-मामी या अन्य रिश्तेदारों का इंतजार किया जा रहा है।























