संध्या समय न्यूज
MUmbai News : मुंबई के वर्सोवा इलाके में अंडरवर्ल्ड की दहशत एक बार फिर सामने आई है। यहां एक प्रमुख बिल्डर को मौत की खौफनाक धमकी दी गई है। बिल्डर की कार में एक जिंदा कारतूस और धमकी भरा खत मिला है, जिसमें गैंगस्टर छोटा शकील का नाम सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच तेज कर दी है और मामले को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल (AEC) को सौंप दिया है।
कार की डिक्की में मिला संदिग्ध पैकेट
पुलिस के अनुसार, यह घटना 6 मार्च की है। बिल्डर मेहुल मेहता अपनी कंस्ट्रक्शन साइट का निरीक्षण करने अंधेरी वेस्ट स्थित वर्सोवा मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचे। साइट विजिट के बाद जब वे वापस अपनी कार के पास लौटे, तो ड्राइवर की नजर कार की पिछली नंबर प्लेट के पास कुछ संदिग्ध पड़ी। जांच करने पर नंबर प्लेट और डिक्की के गैप में छिपाया गया एक सफेद प्लास्टिक पैकेट मिला।
कारतूस के साथ मिला ये खौफनाक संदेश
पैकेट खोलने पर उसमें मेहुल मेहता के नाम का एक लिफाफा निकला। लिफाफे के अंदर हाथ से लिखा एक धमकी भरा नोट था, जिस पर टेप से एक जिंदा कारतूस चिपकाया गया था। नोट पर लिखा था-“मेहता सुधर जा, तुझे समझ में नहीं आ रहा। आज यह बाहर है, कल यह तेरे सीने के अंदर होगा। अल्लाह हाफिज– छोटा शकील।” सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दो गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा किया और लिफाफा, नोट व कारतूस को सबूत के तौर पर जब्त कर लिया। वर्सोवा पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने संभाला मोर्चा
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल ने जांच अपने हाथ में ले ली है। पुलिस अधिकारी आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रहे हैं, ताकि धमकी देने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस को संदेह है कि यह काम दोपहर 2:15 बजे से पहले किया गया था।
यह भी पढ़ें : नोएडा की फैक्ट्री में भीषण आग, फायर ब्रिगेड की सक्रियता से बचा बड़ा हादसा
BKC प्रोजेक्ट और पुरानी धमकियों का कनेक्शन?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बिल्डर मेहुल मेहता को पहले भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। माना जा रहा है कि यह धमकी बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में चल रहे एक बड़े री-डेवलपमेंट प्रोजेक्ट को लेकर एक्सटॉर्शन की कोशिश हो सकती है। बता दें कि बॉम्बे हाईकोर्ट ने हाल ही में बिल्डर को पुलिस सुरक्षा बहाल करने का निर्देश दिया था। पुलिस ने दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा किया है।





















Comments are closed.