केजरीवाल के नए बंगले पर सियासी जंग: भाजपा का ‘भव्य घर’ दावा और आप पार्टी का ‘फर्जी तस्वीर’ पलटवार

Arvind Kejriwal Sheesh Mahal-2: आप पार्टी विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने इन तस्वीरों को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ किया कि प्रवेश वर्मा द्वारा जारी की गई सारी तस्वीरें फर्जी हैं और वे केजरीवाल के घर की नहीं हैं।

केजरीवाल के 'नए आवास' की तस्वीरें निकलीं फर्जी, आप पार्टी ने भाजपा को घेरा

HIGHLIGHTS

  • आप पार्टी ने प्रवेश वर्मा पर लगाया Pinterest से चोरी का आरोप
  • संजय सिंह और आतिशी ने LG-BJP को दी खुली चुनौती
  • इंटरनेट से तस्वीरें डाउनलोड कर 'झूठा शीशमहल' दिखाने का आरोप
  • 'रहमान डकैत' कहकर BJP ने दिखाया शीशमहल
  • 'आलीशान आदमी पार्टी' पर प्रवेश वर्मा का हमला

Arvind Kejriwal Sheesh Mahal-2: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नए आवास को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। बीजेपी नेता और दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा केजरीवाल के नए बंगले को ‘शीशमहल-2’ बताते हुए जारी की गई तस्वीरों पर आप पार्टी (AAP) ने तीखा पलटवार किया है। आप पार्टी ने इन तस्वीरों को ‘पूरी तरह से फर्जी’ और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘Pinterest’ से डाउनलोड किया हुआ बताया है।

आप पार्टी नेतृत्व ने इस मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए एलजी (LG) और बीजेपी नेताओं को अपने-अपने घर जनता के लिए खोलने की खुली चुनौती दी है।

आतिशी का हमला- ‘इंटरनेट से उठाई गई तस्वीरें, AI का इस्तेमाल कर लेते’

आप पार्टी विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने इन तस्वीरों को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ किया कि प्रवेश वर्मा द्वारा जारी की गई सारी तस्वीरें फर्जी हैं और वे केजरीवाल के घर की नहीं हैं।

आतिशी ने कहा कि ये तस्वीरें केजरीवाल जी के घर की नहीं, बल्कि ‘Pinterest’ से डाउनलोड की गई हैं! क्या दिन आ गए हैं इनके – जब केजरीवाल जी के खिलाफ कुछ मिलता नहीं, तो इंटरनेट से उठाई गई तस्वीरों के दम पर झूठे दावे किए जा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि परवेश वर्मा जी इससे बेहतर तो आप AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का इस्तेमाल कर लेते, चोरी इतनी जल्दी तो पकड़ी नहीं जाती।

 ‘जनता खुद तय करेगी किसका घर आलीशान है’

आप पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी प्रवेश वर्मा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रवेश वर्मा द्वारा केजरीवाल जी के घर की जो तस्वीर जारी की गई है, वो पूरी तरह फर्जी है। मैं चुनौती देता हूं कि रेखा गुप्ता जी, एलजी महोदय और प्रवेश वर्मा अपना-अपना घर जनता के लिए खोल दें। अरविंद केजरीवाल जी भी अपना घर खोल देंगे, तो जनता को पता चल जाएगा कि किसका घर कितना आलीशान है।

संजय सिंह ने आगे कहा कि किसका घर कितना आलीशान है, इसका पता लगाने के लिए रेखा गुप्ता और एलजी साहिब अपने घर खोलें, केजरीवाल जी अपना घर खोल देंगे। जनता खुद तय कर लेगी कि असली अमीरी किसके पास है।

ये है पूरा विवाद- प्रवेश वर्मा ने क्या कहा था?

दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अरविंद केजरीवाल के नए आवास को लेकर बड़े दावे किए। उन्होंने कुछ तस्वीरें जारी करते हुए कहा कि केजरीवाल का नया बंगला बेहद भव्य और आलीशान है, जिसे उन्होंने ‘शीशमहल-2’ करार दिया।

प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘रहमान डकैत’ तक कह दिया और आरोप लगाया कि यह ‘आलीशान आदमी पार्टी’ की संस्कृति है। उन्होंने केजरीवाल से सवाल पूछा कि इस नए बंगले में कितना पैसा निवेश किया गया है और यह पैसा किसका है?

हालांकि, प्रवेश वर्मा के इस दावे के बाद आप पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है और तस्वीरों की प्रमाणिकता पर सवाल उठाकर पूरे मामले को उल्टा बीजेपी के सिर पर फोड़ने की कोशिश की है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस ‘आलीशान घर’ वाले विवाद पर बीजेपी किस तरह से आम आदमी पार्टी के इस नए हमले का जवाब देती है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now