Mahoba BJP Protest: समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी किए जाने के मामले ने जिले की सियासत में भूचाल ला दिया है। इस टिप्पणी के विरोध में सोमवार को भाजपा के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जमकर नारेबाजी की और आंदोलन को तेज कर दिया।
आल्हा चौक से कोतवाली तक का मार्च
भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा आज आल्हा चौक पर दिखा, जहाँ उन्होंने सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एक विशाल रैली निकाली और आल्हा चौक से लेकर कोतवाली तक पैदल मार्च किया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उन्हें तत्काल माफी मांगने की मांग की।
पुलिस को सौंपा ज्ञापन, मांग की कानूनी कार्रवाई
विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 140 करोड़ भारतीयों की आस्था और गौरव के प्रतीक हैं। उनके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने शहर कोतवाली में तहरीर सौंपी है। पार्टी ने सांसद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कड़ी मांग की है।
‘सपा संविधान की दुहाई देकर उसका अपमान कर रही’
भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सपा हमेशा संविधान की दुहाई देती है, लेकिन आज उसी पार्टी के नेता संवैधानिक मर्यादाओं को तार-तार कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सांसद के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और भी तेज किया जाएगा। वहीं, भाजपा नेता सत्येंद्र प्रताप ने सपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि लोकतंत्र में नीतियों का विरोध करना किसी का अधिकार है, लेकिन इस तरह की व्यक्तिगत और अमर्यादित टिप्पणी सपा की संस्कृति को दर्शाती है।
यह था मामला का पूरा सच
दरअसल, सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी क्षेत्र की बिजली समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने पहुँचे थे। इसी दौरान अपनी बात रखते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आपत्तिजनक और अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मच गया है।























