संदिप कुमार गर्ग
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-63 में लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने एक कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आईआरडीए और अन्य बीमा कंपनियों के नाम से फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर लोगों को ठगने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच मोबाइल फोन और दो एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मूलरूप से कुशीनगर निवासी पंकज जायसवाल के रूप में हुई है। वह नोएडा स्थित एक कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि उसने कंपनी के कंप्यूटर का इस्तेमाल कर आरडीएम और अन्य नामों से फर्जी ई-मेल आईडी तैयार कीं।
इसके बाद आरोपी इन फर्जी ई-मेल आईडी के जरिए लोगों से संपर्क करता था। वह उन्हें कॉल और ई-मेल कर उनकी बीमा पॉलिसी से संबंधित समस्याओं का हवाला देता था और इसी बहाने उनसे रकम ऐंठने का प्रयास करता था।
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी की कंपनी अलग-अलग जीवन बीमा पॉलिसी बेचने का काम करती है। आरोपी ने कथित तौर पर गूगल के माध्यम से एक डेटा वेंडर की तलाश की थी, जो उसे लोगों का डेटा उपलब्ध कराता था।
आरोप है कि डेटा मिलने के बाद पंकज जायसवाल ऐसे लोगों को निशाना बनाता था, जिनकी इंश्योरेंस पॉलिसी बंद हो चुकी थी या पॉलिसी से जुड़ी कोई समस्या चल रही थी। इसके बाद वह बीमा कंपनी या संबंधित संस्था का अधिकारी बनकर उनसे संपर्क करता और धोखाधड़ी करता था।
लोगों से धोखाधड़ी की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच के लिए टीम गठित की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पंकज जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से पांच मोबाइल फोन और दो एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और इस धोखाधड़ी से कितनी रकम की ठगी की गई।


























