संध्या समय न्यूज
होली के रंगीन त्योहार ने पूरे उत्तराखंड को सराबोर कर दिया। पहाड़ की वादियों से लेकर मैदानी इलाकों तक, हर गली, मोहल्ले और गांव में उल्लास का माहौल देखने को मिला। ढोल-दमाऊं की गूंजती थाप और रंगों की बौछार ने त्योहार की रौनक को चार चांद लगा दिए।
पारंपरिक स्वाद और धुनों का जादू
सुबह होते ही होल्यारों की टोलियां ढोल-दमाऊं की थाप के साथ घर-घर पहुंचीं। लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर गले लगाया और त्योहार की शुभकामनाएं दीं। हवा में उड़ता गुलाल और घरों से आ रही ताजी गुजिया, मालपुए व अन्य पकवानों की सुगंध ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र में पारंपरिक ‘बैठकी’ और ‘खड़ी’ होली के गीतों ने दिनभर समां बांधा रखा।

बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक का उत्साह
त्योहार में परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम देखने को मिला। बड़े-बुजुर्ग चौपालों में बैठकर पारंपरिक होली का आनंद लेते दिखे, तो वहीं युवा वर्ग डीजे की धुन पर थिरका। महिलाओं ने भी समूह बनाकर होली गीत गाए और खुशियां बांटीं। नन्हें मुन्नों का तो जैसे जश्न ही था। रंग-बिरंगी टी-शर्ट पहने और पिचकारी लिए बच्चे सुबह से ही सड़कों पर रंगों की बौछार करते रहे। गांव हो या शहर, हर तरफ हंसी-ठिठोली और अपनत्व का रंग बिखरा रहा।
राजनीतिक हलकों में भी रंग की बरसात
राजनीतिक हलकों में भी होली का त्योहार धूम से मनाया गया। मुख्यमंत्री समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने एक-दूसरे को रंग लगाकर संदेश दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए आपसी प्रेम और भाईचारे की अपील की।
Bollywood Holi Celebration: होली पर बॉलीवुड के सितारों की खास अंदाज में मनाई गई त्योहार की खुशियां
‘विश्व में तनाव, भारत में शांति’
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने एक महत्वपूर्ण पहलू को उजागर किया। उन्होंने कहा, “विश्व के कई हिस्सों में तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच भारत में शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाना गर्व की बात है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि रंगों का यह उत्सव केवल खुशी मनाने का नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी विश्वास को मजबूत करने का संदेश देता है।















