मुंबई में शादी का झांसा देकर करोड़ों की ठगी, ‘फर्जी अमीर’ शातिर गिरफ्तार

महिलाओं को फंसाता था शातिर ठग (फाइल फोटो)

संध्या समय न्यूज


मुंबई के दहिसर इलाके में सोशल मीडिया और मैट्रिमोनियल साइट्स के जरिए शादी का झांसा देकर महिलाओं से करोड़ों रुपये ठगने का एक बड़ा मामला सामने आया है। दहिसर पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो अपनी फर्जी पहचान और अमीरी के दिखावे के जरिए महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था।

फर्जी प्रोफाइल और दिखावटी अमीरी

गिरफ्तार आरोपी का नाम विराज बाला साहेब भोंसले बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अलग-अलग नामों से सोशल मीडिया और शादी-विवाह की वेबसाइट्स पर फर्जी प्रोफाइल बनाता था। वह खुद को अविवाहित और उच्च शिक्षित बताकर महिलाओं का भरोसा जीतता था। कभी-कभी वह खुद को बड़ी कंपनी का अधिकारी, तो कभी फिल्म इंडस्ट्री का डायरेक्टर या विदेश में कारोबार करने वाला बड़ा व्यवसायी बताता था। बातचीत के दौरान वीडियो कॉल पर वह अपने घर के ड्रॉवर में रखी नोटों की गड्डियां दिखाकर महिलाओं को यकीन दिलाता था कि वह बेहद अमीर है। इस दिखावटी ठाठ से प्रभावित होकर कई महिलाएं उसके जाल में फंस गईं।

शादी और विदेश के सपने दिखाकर ऐंठे पैसे

पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी महिलाओं को शादी का वादा करता था और उन्हें विदेश में बसाने के सपने दिखाता था। जब महिलाएं पूरी तरह उस पर भरोसा करने लगतीं, तब वह अचानक किसी मुसीबत का बहाना बनाकर पैसों की मांग करने लगता था। वह कभी अपने घर पर ईडी (ED) की रेड पड़ने की बात कहता और पैसे व गहने बचाने का बहाना बनाता, तो कभी बिजनेस में भारी नुकसान या परिवार में आपात स्थिति का हवाला देकर धन ऐंठ लेता था। एक पीड़िता के मामले में आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में करीब 6 लाख रुपये ठग लिए। जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी बहाने बनाने लगा और आखिरकार उसने संपर्क ही काट दिया।

साइबर टीम की कार्रवाई, विरार से किया गिरफ्तार

धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़िता ने दहिसर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में साइबर विभाग की सहायक पुलिस निरीक्षक श्रद्धा पाटील के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी जांच और डिजिटल ट्रैकिंग शुरू की। पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे विरार इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

Golmaal 5 शूटिंग शुरू होते ही अजय-रोहित की फिल्म ने मचाई धूम

दर्जन भर से ज्यादा महिलाएं हैं शिकार

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आरोपी की कारगुजारियों का बड़ा खुलासा मिला है। पुलिस को संदेह है कि आरोपी ने दर्जन भर से ज्यादा महिलाओं को इसी तरह निशाना बनाया है। ठगी की कुल रकम करोड़ों में होने की आशंका जताई जा रही है। वर्तमान में पुलिस आरोपी के बैंक खातों, लेन-देन के विवरण और सोशल मीडिया गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही है ताकि अन्य पीड़ितों का पता लगाया जा सके।

पुलिस की अपील

दहिसर पुलिस ने जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया या मैट्रिमोनियल साइट पर किसी अनजान व्यक्ति पर आंख बंद करके भरोसा नहीं करना चाहिए। शादी, निवेश या किसी भी आपात स्थिति के नाम पर पैसे मांगने वालों से सावधान रहें। संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर सेल को सूचित करें।

Sandhya Samay News

संध्या समय न्यूज़ – आपके विश्वास की आवाज़ संध्या समय न्यूज़ की स्थापना वर्ष 2018 में की गई, जो कि MSME में विधिवत रूप से पंजीकृत है। हमारा उद्देश्य समाज तक सटीक, निष्पक्ष और भरोसेमंद समाचार पहुँचाना है। हम देश-प्रदेश की ताज़ा खबरों, सामाजिक मुद्दों, और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आपके सामने सरल और स्पष्ट रूप में प्रस्तुत करते हैं। हम अपने सभी दर्शकों और पाठकों का दिल से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हमें लगातार देखा, समझा और अपना विश्वास बनाए रखा। आपकी यही सराहना और समर्थन हमें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। संध्या समय न्यूज़ हमेशा सत्य, निष्पक्षता और जनसेवा के मूल्यों पर कार्य करता रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now