SP vs SSP vs DIG vs IG vs DGP:देश के किसी भी राज्य में जब भी कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की बात होती है, तो अक्सर एसपी (SP), एसएसपी (SSP), डीजीपी (DGP), डीआईजी (DIG) और आईजी (IG) जैसे पदों का जिक्र सुनने को मिलता है। ये सभी अधिकारी अलग-अलग जिम्मेदारियां और अधिकार संभालते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इन सभी पदों में सबसे बड़ा अधिकारी कौन होता है, जिसके नियंत्रण में पूरे राज्य का पुलिस महकमा होता है?
यूपीएससी (UPSC) और अन्य राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए पुलिस विभाग की इस हायरार्की और पदों की फुल-फॉर्म को समझना बेहद जरूरी है, क्योंकि इससे जीके (GK) सेक्शन में अक्सर सवाल पूछे जाते हैं। आइए जानते हैं राज्य पुलिस के इन सीनियर पदों के बारे में विस्तार से:
DGP: राज्य पुलिस का सर्वोच्च अधिकारी
डीजीपी (Director General of Police) किसी भी राज्य के पुलिस विभाग का सबसे बड़ा अधिकारी होता है। ये आईपीएस (IPS) रैंक के अधिकारी होते हैं। किसी भी आईपीएस अधिकारी की यात्रा एएसपी (ASP) से शुरू होती है। सेवा के दौरान प्रमोशन के बाद ये एसपी, फिर एसएसपी, उसके बाद डीआईजीपी (DIGP) और अंत में डीजीपी के पद तक पहुंचते हैं।
जिम्मेदारी: राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखना, पुलिस नीतियों का निर्माण, आपातकालीन स्थितियों में मार्गदर्शन और पूरे पुलिस प्रशासन की कमान संभालना।
- SP और SSP: जिला स्तर पर पुलिस का चेहरा किसी भी जिले में पुलिस बल का प्रमुख अधिकारी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (Superintendent of Police) यानी SP होता है।
- SP का काम: जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना। जिला स्तर पर पूरी पुलिस व्यवस्था इन्हीं के माथे पर होती है।
- SSP कौन होते हैं?: सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (Senior Superintendent of Police) उन जिलों में तैनात किए जाते हैं जो आकार में बड़े हों या सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिहाज से काफी संवेदनशील माने जाते हैं। इस पद के लिए कोई सीधी भर्ती नहीं होती, बल्कि एसपी के रूप में बेहतरीन काम करने वाले अधिकारियों को प्रमोशन देकर एसएसपी बनाया जाता है।
DIG और IG: जोन और रेंज के प्रभारी
डीआईजी (Deputy Inspector General of Police) और आईजी (Inspector General of Police) जिला स्तर से ऊपर उठकर जोन या रेंज स्तर पर काम करते हैं।
- DIG: ये आईपीएस अधिकारी होते हैं, जिनका मुख्य काम किसी खास क्षेत्र (रेंज) में पुलिस बल की निगरानी, अनुशासन बनाए रखना और आईजी को रिपोर्ट करना होता है। किसी भी राज्य में डीआईजी की संख्या कोई निश्चित नहीं होती, यह जरूरत के अनुसार तय की जाती है।
- IG: ये पुलिस विभाग के काफी बड़े और शक्तिशाली पदों में से एक है। कई वर्षों तक एसपी और अन्य पदों पर सफलतापूर्वक काम करने के बाद अधिकारियों को आईजी के रूप में प्रमोट किया जाता है। आईजी सीधे तौर पर डीजीपी (DGP) को रिपोर्ट करते हैं।

























