संदिप कुमार गर्ग
नई दिल्ली। रविवार को केन्द्रीय आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल आर्य के नेतृत्व में आर्य समाज के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को नववर्ष विक्रमी संवत 2082 की हार्दिक बधाई दी और उनके कुशल नेतृत्व में दिल्ली के विकास कार्यों के निरंतर आगे बढ़ने की कामना की।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी सभी को विक्रमी संवत 2082 के नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देशवासियों को अपनी भारतीय संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करना चाहिए।
आर्य समाज की भूमिका आज पहले से अधिक महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आर्य समाज के 150वें स्थापना दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में समाज के निर्माण और राष्ट्रहित के लिए आर्य समाज की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आर्य समाज समाज निर्माण के कार्य को और गति देगा।
उन्होंने भारतीय संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के लिए युवाओं को प्रेरित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
राष्ट्रवादी विचारों को युवाओं तक पहुंचाएगा आर्य समाज
आर्य समाज अशोक विहार, दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल आर्य ने कहा कि आर्य समाज एक राष्ट्रवादी संगठन है। उन्होंने कहा कि युवाओं में देशभक्ति की भावना को जागृत करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
अनिल आर्य ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति तथा सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
भजनों से भक्तिमय हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम के दौरान प्रवीण आर्य पिंकी ने मधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे कार्यक्रम का वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर महेन्द्र भाई, वेद प्रकाश आर्य, रामकुमार आर्य, आस्था आर्य, सुरेश आर्य, प्रेम सचदेवा, जीवन लाल आर्य, आशा भट्टनगर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


























