सुषमा
वसई। महाराष्ट्र के वसई विरार शहर में लगातार दूसरे दिन बड़ी मात्रा में नकदी जब्त की गई है। शुक्रवार को विरार नगर निगम की भरारी टीम ने एक बैंक की ATM वैन से 2 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी जब्त की। इससे एक दिन पहले गुरुवार को नालासोपारा, मांडवी और मीरा रोड इलाके से करीब 7 करोड़ 80 लाख रुपये कैश बरामद किया गया था। लगातार दो दिनों में करोड़ों रुपये की नकदी मिलने से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
ATM वैन से बरामद हुए 2 करोड़ रुपये से ज्यादा
जानकारी के मुताबिक, वसई विरार नगर निगम की भरारी टीम को सूचना मिली थी कि एक बैंक की ATM वैन के जरिए बिना उचित दस्तावेजों के बड़ी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे विरार पश्चिम के सब्जी बाजार इलाके में जाल बिछाया।
इसी दौरान संदिग्ध बैंक ATM वैन को रोककर उसकी जांच की गई। तलाशी के दौरान वैन से 2 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद हुई। रकम के संबंध में संबंधित लोगों के पास कोई आधिकारिक दस्तावेज नहीं पाए गए।
दूसरे दिन भी करोड़ों की नकदी बरामद
वसई विरार में यह लगातार दूसरा दिन है जब भरारी टीम ने करोड़ों रुपये की नकदी जब्त की है। इससे पहले गुरुवार को नालासोपारा, मांडवी और मीरा रोड में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 7 करोड़ 80 लाख रुपये कैश जब्त किया गया था।

लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के बाद अब जांच एजेंसियों की नजर नकदी के स्रोत और उसके इस्तेमाल पर है।
आयकर विभाग को सौंपा गया मामला
वसई विरार नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त रमेश मनाले ने बताया कि बरामद रकम की फिलहाल गिनती जारी है। उनके मुताबिक, नकदी से संबंधित कोई आधिकारिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया था। इसके चलते पूरी रकम को जब्त कर लिया गया है।
मामले में आगे की कार्रवाई के लिए इसे आयकर विभाग को सौंप दिया गया है। अब आयकर विभाग यह जांच करेगा कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसके संबंध में संबंधित पक्ष के पास वैध दस्तावेज क्यों नहीं थे।
यह कार्रवाई भरारी टीम प्रमुख बेंजामिन डाबरे, नरेंद्र नाजरी, पुलिस अधिकारी अनिल सोनावणे समेत अन्य अधिकारियों की टीम ने की। फिलहाल नकदी की गिनती और मामले से जुड़ी आगे की जांच जारी है।


























