संध्या समय न्यूज
Fake Police Robbery Kalyan Nalasopara: महाराष्ट्र के ठाणे और पालघर जिलों में पुलिस का भेष धरकर लूटपाट करने वाले अपराधियों ने सुरक्षा तंत्र के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। ‘खुद को पुलिस बताकर लूट’ का यह नया खेल तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने आरोपियों के पैर चंद घंटों में ही उखाड़ दिए हैं। कल्याण और नालासोपारा में हुई इन दो अलग-अलग वारदातों में पुलिस ने दो गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए लूटी गई रकम और वाहन बरामद किए हैं।
कल्याण में ‘पैसा दोगुना करने’ का झांसा, फिल्मी अंदाज में हुई लूट
कल्याण के कोलसेवाडी इलाके में आरोपियों ने एक व्यापारी को पैसा दोगुना करने का लालच देकर अपने जाल में फंसाया। जब व्यापारी नकदी लेकर पहुंचा, तो स्कॉर्पियो में सवार आरोपियों ने खुद को ‘क्राइम ब्रांच’ का अधिकारी बताकर उसे डराया-धमकाया और 5 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास भीषण आग, 50 झुग्गियां जलकर हुईं राख
इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण का सहारा लिया और पता लगाया कि आरोपी पुणे हाईवे की ओर भाग रहे हैं। पुलिस ने पुणे और अहिल्यानगर पुलिस के साथ मिलकर फिल्मी अंदाज में पीछा किया। सोमाटणे फाटा टोल नाके और राहुरी पुलिस की मदद से की गई नाकाबंदी में संजय भोसले और गौसपाक शेख समेत गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके पास से दो स्कॉर्पियो, 9 मोबाइल फोन और 2.36 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।
नालासोपारा: बैंक से लौटते युवक का अपहरण, 4 घंटे में पकड़ा गया गिरोह
इसी तरह की एक और वारदात नालासोपारा की सामने आई, जहां ‘क्राइम ब्रांच ठाणे’ का झूठा भेष धारण करने वाले पांच आरोपियों ने एक युवक का अपहरण कर लिया। युवक बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रहा था, तभी आरोपियों ने उसे श्मशानभूमि रोड पर ले जाकर मारपीट की और 2.69 लाख रुपये लूट लिए।
इस मामले में भी आचोले पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सुधीर लांडगे को हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर किरण दलवी, राजेश गोसावी, आदिल सैय्यद और सुंदर चावरिया को दबोच लिया गया। इनमें से कई आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड पाया गया है।
पुलिस की चेतावनी और बरामदगी
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि कोई भी अज्ञात व्यक्ति खुद को पुलिस अधिकारी बताकर रोके, तो तुरंत उससे पहचान पत्र मांगें। संदेह होने पर नजदीकी पुलिस स्टेशन या कंट्रोल रूम को सूचित करें। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 14.69 लाख रुपये (नकदी और वाहनों की कीमत सहित) का माल बरामद किया है और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।




















