संध्या समय न्यूज
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक ऐसी खूनी वारदात सामने आई है, जिसने सबकी रूह कंपा दी। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर उदल (रामनगर) गांव में एक ‘कलयुगी’ बेटे ने संपत्ति विवाद को लेकर अपने ही परिवार के चार सदस्यों की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर पहुंची पुलिस भी सन्न रह गई।
क्या है पूरा मामला?
रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे जब पूरा गांव गहरी नींद में सो रहा था, तभी बडलूराम के घर से चीखों की आवाज सन्नाटा चीरती हुई सुनाई दी। आरोपी बेटे ने पिता द्वारा बेची गई जमीन और गहनों के पैसों के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद को लेकर वहशीपन की हदें पार कर दीं। उसने कुल्हाड़ी उठाई और अपने ही परिवार पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिए।
मौत का यह मंजर
इस खूनी खेल में पिता बडलूराम (62), मां संजू देवी (60), दादी शिताला (82) और बहन पार्वती (20) की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घर के आंगन और कमरों में खून की नदियां बह रही थीं। हालांकि, इस कत्लेआम के बीच घर में मौजूद एक मासूम बच्चा चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया, जिसे पुलिस ने तत्काल अपनी हिरासत में ले लिया है।
बॉक्स ऑफिस पर ‘द केरल स्टोरी 2’ ने रविवार को मचाई तहलका
दो घायल, गांव में पुलिस का पहरा
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को आगाह किया। 112 नंबर की पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल गुरुदेव (40) और निरंकार (30) को अस्पताल पहुंचाया। निरंकार की हालत नाजुक होने के कारण उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। गंभीरता को देखते हुए एसपी राम नयन सिंह और एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी भारी पुलिस बल और पीएसी जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। तनाव को देखते हुए गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
सुराग जुटाने में जुटी पुलिस
फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पंचनामा किया और घर के बाहर झाड़ियों से उस कुल्हाड़ी को बरामद किया, जिससे यह हत्याकांड अंजाम दिया गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी गहरे मानसिक तनाव में था और काफी समय से संपत्ति को लेकर रंजिश पाले हुए था। पुलिस वर्तमान में घायलों के होश में आने का इंतजार कर रही है, ताकि पूरी वारदात का पर्दाफाश किया जा सके।

























