संध्या समय न्यूज
UP News : उत्तर प्रदेश में आज प्रशासनिक बदलाव और विकास कार्यों को लेकर कई बड़ी खबरें सामने आ रही हैं। प्रदेश की योगी सरकार ने पुलिस अमले में बड़ा फेरबदल करते हुए 7 आईपीएस अफसरों के तबादले कर दिए हैं, जबकि दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सहारनपुर का दौरा करेंगे। इसके अलावा प्रदेश में दरोगा भर्ती परीक्षा का आयोजन और अपराध की दुनिया से जुड़ी बड़ी घटनाएं भी सामने आई हैं।
आइए जानते हैं आज की प्रमुख खबरें
यूपी में 7 IPS अफसरों के तबादले
उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। कुल 7 आईपीएस अफसरों के तबादले किए गए हैं, जिसमें 4 जिलों के एसपी/एसएसपी बदले गए हैं। एसपी कासगंज अंकिता शर्मा को एसएसपी बदायूं बनाया गया है। एसएसपी बदायूं डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह को एसपी लॉजिस्टिक्स बनाया गया। एसपी फतेहपुर अनूप कुमार सिंह को हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध किया गया। एसपी भदोही अभिमन्यु मांगलिक को एसपी फतेहपुर बनाया गया। आईपीएस ओम प्रकाश सिंह-1को एसपी कासगंज और आईपीएस अभिनव त्यागी को एसपी भदोही नियुक्त किया गया। इसके अलावा आईपीएस पाटिल निमिष को अस्पताल गोरखपुर का प्रभार मिला है।
सहारनपुर को सीएम योगी देंगे बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सहारनपुर के दौरे पर जा रहे हैं। वे हरियाणा के कैथल से सीधे सहारनपुर पहुंचेंगे। सीएम योगी मां शाकुंभरी देवी कॉरिडोर और पर्यटन सुविधाओं का निरीक्षण करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 2:25 बजे वे नगला माफी हेलीपैड पहुंचेंगे। 2:35 बजे वे परियोजना का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर का जायजा लेंगे। इसके बाद वे विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक और चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों का जायजा लेंगे। शाम 4:05 बजे मां शाकुंभरी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद वे शाम 4:45 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे। सुरक्षा के दृष्टिगत एनएसजी कवर और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
दरोगा भर्ती परीक्षा आज से शुरू
उत्तर प्रदेश में दरोगा भर्ती की लिखित परीक्षा आज (14 मार्च) से शुरू हो रही है। यह परीक्षा दो दिनों तक चलेगी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रदेश के 1090 केंद्रों पर परीक्षा होगी। 15 लाख 75 हजार 760 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा एसटीएफ समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में और 16 हजार सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। समय-सारणी: सुबह 10 से 12 बजे और दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक।
जौनपुर में जियारत पर गई महिला से गैंगरेप
जौनपुर के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां जियारत करने गई एक महिला के साथ गैंगरेप का आरोप है। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने मेडिकल मुआयने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने महिला को कस्टडी में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया है और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : राजपाल यादव का ‘छोटा डॉन’ अवतार बना वायरल
गाजियाबाद में आतंकी नेटवर्क का अंदेशा
गाजियाबाद के मसूरी इलाके से संदिग्ध लोगों की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली-एनसीआर में आतंकी संगठनों के डिजिटल नेटवर्क का खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों को जैश-ए-मोहम्मद से इसका संबंध मिला है। आरोपियों के पास से प्रतिबंधित संगठनों के वीडियो और सामग्री बरामद हुई है। एजेंसियां फोरेंसिक जांच के जरिए पाकिस्तान स्थित आतंकी उबैदुल्ला से संभावित संपर्क की भी जांच कर रही हैं।
कानपुर के शोरूम में लगी आग
कानपुर के लाल बंगला क्षेत्र में स्थित एक शोरूम में आग लग गई। जाजमऊ फायर स्टेशन की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। इस घटना में लाखों का माल जलकर खाक हो गया।

























