ऋषि तिवारी
नोएडा। थाना रबूपुरा पुलिस ने वीवो कंपनी से मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 15 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तीनों आरोपी वीवो कंपनी में कर्मचारी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को वादी की ओर से थाना रबूपुरा में तहरीर दी गई थी। तहरीर में वीवो कंपनी में काम करने वाले नैतिक शर्मा, दीपक कुमार और शाहरूख खान पर कंपनी से 15 मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप लगाया गया था। मामले में थाना रबूपुरा पुलिस ने संबंधित धाराओं में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
निर्माणाधीन बिल्डिंग से तीनों आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान मंगलवार को थाना रबूपुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को पार्क नंबर-05, पॉकेट-डी, सेक्टर-20 के पास स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरूख पुत्र मोबीन खान, दीपक पुत्र डालचन्द और नैतिक शर्मा पुत्र राकेश शर्मा के रूप में हुई है।
आरोपियों के कब्जे से 15 मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए 15 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

























