Mumbai News: मुंबई के पायधुनी इलाके से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के चलते एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। परिवार ने रात को डिनर में बिरयानी खाने के बाद तरबूज का सेवन किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और अस्पताल में भर्ती होने के बाद सभी की जान चली गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
कैसे घटी घटना? पूरा टाइमलाइन
जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन के अनुसार, 25 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे अब्दुल्ला के घर पर एक डिनर पार्टी रखी गई थी। इसमें परिवार के चारों सदस्यों के साथ 5 रिश्तेदार भी शामिल हुए थे। सभी ने एक साथ बिरयानी खाई। खाना खाकर रिश्तेदार बिना किसी शिकायत के अपने-अपने घर लौट गए।
हालांकि, रिश्तेदारों के जाने के बाद रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच अब्दुल्ला और उनके परिवार ने तरबूज खाया। तरबूज खाने के कुछ ही देर बाद चारों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें तेज पेट दर्द और उल्टी शुरू हो गई। शुरुआत में परिवार ने इलाज के लिए अपने लोकल डॉक्टर को दिखाया, लेकिन हालत लगातार गंभीर होती गई।
जेजे अस्पताल में चली जान
जब हालत काबू से बाहर हो गई, तो तत्काल चारों को जेजे अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सबसे पहले 13 वर्षीय बेटी ज़ैनब की रविवार सुबह करीब 10:15 बजे मौत हो गई। इसके बाद दोपहर में 16 वर्षीय आयशा और फिर मां नसरीन (35) ने दम तोड़ दिया। अंत में रात करीब 10:30 बजे पिता अब्दुल्ला (40) की भी मौत हो गई। अस्पताल में डॉक्टरों की पूरी कोशिशों के बावजूद किसी की जान नहीं बच सकी।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान 40 वर्षीय अब्दुल्ला अब्दुल कादर, उनकी पत्नी 35 वर्षीय नसरीन और उनकी दो बेटियां – 16 वर्षीय आयशा और 13 वर्षीय ज़ैनब के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अब्दुल्ला पायधुनी इलाके में मोबाइल एक्सेसरीज की एक दुकान चलाते थे और उनका परिवार वहां काफी सम्मानित था। एक ही रात में पूरे परिवार के ढह जाने से इलाके में गहरा शोक है।
पुलिस और एजेंसियों की जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए जेजे मार्ग पुलिस ने तुरंत घटनास्थल से आधा कटा हुआ तरबूज और अन्य खाने के सैंपल बरामद कर लिए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर तरबूज में कोई जहरीला पदार्थ मिला हुआ था या बैक्टीरियल इंफेक्शन की वजह से यह घटना हुई।
वहीं, इस मामले की परतें चारने के लिए 3 अलग-अलग विभागों को जांच सौंपी गई है:
- FDA (खाद्य एवं औषधि प्रशासन): यह जांच करेगा कि खाने या फल में कोई बाहरी जहरीला रसायन या मिलावट तो नहीं थी।
- जेजे अस्पताल का माइक्रोबायोलॉजी विभाग: शरीर के ऊतकों (हिस्टोपैथोलॉजी) की सूक्ष्म जांच कर संक्रमण या बैक्टीरिया के कारणों की पुष्टि करेगा।
- FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब): भोजन के नमूनों और विसरा रिपोर्ट के आधार पर मौत के सटीक कारणों का मिलान करेगी।
अंतिम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल चारों के शवों का पोस्टमॉर्टम कर लिया गया है और पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ (संदिग्ध मृत्यु) का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। हालांकि, मौत की असल वजह और जहर के स्रोत का खुलासा तब तक नहीं होगा, जब तक तीनों विभागों की अंतिम रिपोर्ट आन नहीं जाती। पुलिस मामले के हर एंगल पर नजर बनाए हुए है।
























