मीरा रोड अग्निकांड: अवैध गोदाम बना आग का गोला, प्रशासन की लापरवाही का खुलासा

अवैध गोदाम में लगी आग, सिलेंडर विस्फोट से मचा हड़कंप

Mumbai News: महाराष्ट्र के ठाणे मीरा रोड पूर्व स्थित काशीमीरा के कृष्णस्थल कॉम्प्लेक्स में मंगलवार रात भीषण अग्निकांड ने प्रशासन की लापरवाही का पर्दाफाश कर दिया। फर्नीचर और विला डेको के संचालकों की सामग्री रखी गई एक अवैध गोदाम में रात करीब 9 बजे अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

आग की लपटों ने लपेटी चार इमारतें

बता दें कि प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्होंने आसपास की चार इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे कई फ्लैटों का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। हालांकि राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन सिलेंडरों के धमाकों और विस्फोट की आवाज़ें पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दीं। घने धुएं के गुबार ने आसमान को सियाह कर दिया। घटना स्थल पर दो टेम्पो और दो गैंट्री (स्ट्रक्चर) भी जलकर खाक हो गए।

फायर ब्रिगेड को पहुंचने में आई देर

फायर ब्रिगेड विभाग को घटनास्थल तक पहुंचने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। मंगलवार को बाजार में भारी भीड़ और जाम के कारण दमकल गाड़ियां एक घंटे तक अंदर नहीं पहुंच सकीं। इस देरी के दौरान आग ने और भी भयावह रूप ले लिया। बुधवार सुबह तक आग पर पूरी तरह से काबय नहीं पाया जा सका और तब तक अवैध गोदाम पूरी तरह राख में तब्दील हो चुका था।

यह भी पढ़ें : ऋतिक रोशन के प्रोडक्शन डेब्यू ‘स्टॉर्म’ में नज़र आएंगी पार्वती थिरुवोथु

स्थानीय लोगों का आरोप: शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इस तरह के अवैध निर्माण और गोदामों के खिलाफ मीरा भायंदर नगर निगम (मनपा) से कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन हर बार नजरअंदाज कर दिया गया। लोगों का आरोप है कि प्रशासन की इस लापरवाही ने ही इस दुर्घटना को जन्म दिया। खुलासा हुआ है कि मनपा के विभाग ने 23 दिसंबर को ही डिवीजन अधिकारी को पत्र लिखकर इस अवैध प्लेटलैंड और गोदाम पर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

राजनीतिक पहलू सामने आया

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के शहर अध्यक्ष संदीप राणे ने मामले में राजनीतिक संबंधों पर सवाल उठाए हैं। उनके अनुसार, जिस जगह पर यह अवैध गोदाम था, वहां कारोबारी और नगर सेवकों के बीच गहरे संबंध देखे जा रहे हैं, जिसकी वजह से पहले कार्रवाई नहीं हो पाई थी।

मनपा एक्शन मोड में

घटना के बाद मनपा प्रशासन सक्रिय हो गया है। बुधवार सुबह से ही शहर में बिना लाइसेंस चल रहे फर्नीचर और पैवेलियन डेको के संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मनपा कमिश्नर राधाबिनोद शर्मा, उपमहापौर ध्रुवकिशोर पाटिल और प्रशांत दलवी समेत कई अधिकारियों ने स्थान का दौरा किया और मौके पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने ऐसे सभी अवैध ढांचों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now