Maharashtra News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया है। यहां एक महिला नर्स ने अपने प्रेमी की हत्या कर दी और शव को नीले रंग के ड्रम में भरकर नाले में फेंक दिया। यह मामला मार्च 2025 में सामने आए मेरठ के ‘ब्लू ड्रम मर्डर केस’ की याद दिला रहा है, जिसमें नौसेना कर्मी सौरभ राजपूत की हत्या के बाद शव के टुकड़े ड्रम में मिले थे।
दादर जाते समय लापता हुआ था अरबाज
मामला 24 वर्षीय सिविल इंजीनियर अरबाज खान के अपहरण और हत्या का है। अरबाज ठाणे के डोंबिवली स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल को वह काम से जुड़ा भुगतान लेने दादर गया था, लेकिन तभी से वह लापता था। कई दिनों तक घर नहीं लौटने पर अरबाज के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
तकनीकी जांच में खुला राज
पुलिस ने जांच शुरू की और अरबाज के कॉल रिकॉर्ड खंगाले। इस दौरान पुलिस को आरोपी महिला मेहजबीन शेख के बारे में पता चला, जो अरबाज के साथ रिश्ते में थी। तकनीकी जांच में खुलासा हुआ कि अरबाज के मोबाइल की आखिरी लोकेशन वसई इलाके में मिली थी और उसी समय मेहजबीन भी वहां मौजूद थी।
पैसों के लेन-देन में हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, मेहजबीन ने अरबाज को कुछ पैसे उधार दिए थे और वह उस रकम को वापस चाहती थी। पैसे वसूलने और कथित तौर पर उगाही की नीयत से मेहजबीन और उसके परिजनों ने अरबाज को वसई के एक सुनसान इलाके में बुलाया। वहां आरोपियों ने अरबाज के हाथ-पैर बांध दिए और पीवीसी पाइप से उसे पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया।
नाले में मिला शव
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को एक ड्रम में भरकर नाले में फेंक दिया। 5 अप्रैल को पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद हाईवे के पास विरार फाटा इलाके के एक नाले से ड्रम में भरा हुआ शव बरामद हुआ, जो काफी खराब हालत में था। बाद में शव की शिनाख्त अरबाज खान के रूप में हुई।
दो गिरफ्तार, दो फरार
इस मामले में मुंब्रा पुलिस ने तेजी कार्रवाई करते हुए आरोपी नर्स मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को 7 मई को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, मेहजबीन का पति हसन और एक अन्य आरोपी मुजज्जम तालिब खान अभी भी फरार हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और आगे की जांच जारी है।






















