दिल्ली में देर रात आग का तांडव: लक्ष्मी नगर से लेकर रोहिणी तक लाखों का नुकसान

Delhi News: लगातार हो रही आग की घटनाओं ने एक बार फिर दिल्ली में बिजली विभाग की व्यवस्था और इमारतों में फायर सुरक्षा मानकों को लेकर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। दमकल विभाग ने सभी तीनों जगहों पर ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा कर इमारतों को सुरक्षित घोषित कर दिया है।

रोहिणी से लेकर पूर्वी दिल्ली तक आग बुझाने की भागदौड़

HIGHLIGHTS

  • जान बाल-बाल बची, मगर आशियाने राख!
  • राजधानी में एक ही रात में तीन बड़े अग्निकांड
  • ट्रांसफार्मर ब्लास्ट से लेकर शॉर्ट सर्किट तक
  • लक्ष्मी नगर में आग ने चार मकानों को जलाया
  • रात 12 बजे आग की लपटें और भागते-भागते लोग

Delhi News:दिल्ली में शुक्रवार देर रात आग की तीन बड़ी घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। लक्ष्मी नगर, रोहिणी और पंजाबी बाग में लगी भीषण आग ने काफी तबाही मचाई है। हालांकि, बड़ी राहत की बात यह रही कि इन सभी घटनाओं में किसी भी जान का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन संपत्ति के रूप में लाखों रुपये का नुकसान जरूर हुआ है। दिल्ली कि पूरी जानकारी हम आपको विस्तार से बताते है।

लक्ष्मी नगर: ट्रांसफार्मर ब्लास्ट से दहशत, 4 मकान जलकर राख

पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में शुक्रवार रात करीब 12 बजे एक ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रांसफार्मर में आग लगने के बाद बिजली के तारों के जरिए यह आग मौजूदा रिहायशी इमारतों तक तेजी से पहुंच गई। उस वक्त अधिकांश परिवार गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक धुएं और आग की लपटों को देखकर लोगों में भयंकर दहशत मच गई और लोग जान बचाने के लिए छतों और सीढ़ियों के रास्ते बाहर कूदने लगे।

स्थानीय निवासियों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी, लेकिन लोगों का आरोप है कि दमकल की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे की देरी हुई। इस देरी के कारण आग और भयंकर रूप ले गई और चार मकानों के अंदर तक फैल गई। आग बुझाने के बाद किया गया सर्च ऑपरेशन राहत देने वाला रहा, क्योंकि सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, चार मकानों में रखा सारा सामान और फर्नीचर जलकर खाक हो गया है, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

रोहिणी सेक्टर-24: चार मंजिला इमारत में आग, 6 दमकल गाड़ियां तैनात

इसी बीच, उत्तरी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-24 (पॉकेट-20) स्थित एक चार मंजिला इमारत में रात करीब 8:54 बजे अचानक भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर छह दमकल गाड़ियां भेजीं। आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन दमकल कर्मियों ने समय रहते इमारत में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

लगभग दो घंटे के कठिन परिश्रम के बाद रात करीब 11 बजे आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। दमकल अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

पंजाबी बाग: आग ने सैकड़ों गरीब परिवारों को बनाया बेघर

वहीं, तीसरी बड़ी घटना पंजाबी बाग की है, जहां लगी आग ने सबसे ज्यादा तकलीफ गरीब परिवारों को दी है। यहां लगी आग ने सैकड़ों झुग्गियों और कच्चे आशियानों को जलाकर राख कर दिया है। इस हादसे में कई परिवारों के जेवर, कपड़े और राशन का सारा सामान जलकर खाक हो गया है।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

इन लगातार हो रही आग की घटनाओं ने एक बार फिर दिल्ली में बिजली विभाग की व्यवस्था और इमारतों में फायर सुरक्षा मानकों को लेकर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। दमकल विभाग ने सभी तीनों जगहों पर ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा कर इमारतों को सुरक्षित घोषित कर दिया है, लेकिन लक्ष्मी नगर में दमकल गाड़ी की देरी का मामला अभी गर्म है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि वह इन हादसों की जांच कराए और प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत दे।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now