संध्या समय न्यूज
बिहार के बक्सर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी के मंडप में जयमाला की रस्म के दौरान एक सिरफिरे आशिक ने दुल्हन को गोली मार दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्टेज पर मची अफरा-तफरी और गोलीबारी साफ दिखाई दे रही है। घायल दुल्हन को इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
कैसे हुई घटना?
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा नगर पंचायत के मल्लाह टोला में मंगलवार की रात नंद जी मल्लाह की 18 वर्षीय बेटी आरती कुमारी की शादी हो रही थी। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमनपुर गांव से बारात आई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, सारे विधि-विधान पूरे हो रहे थे और जयमाला के लिए दुल्हन स्टेज पर पहुंची। तभी पड़ोस में रहने वाला दीनबंधु भीड़ में घुसा। उसने शर्ट के नीचे छिपाई पिस्टल निकाली और फिल्मी अंदाज में दुल्हन के पेट में गोली मार दी।
दिल्ली मेट्रो में सीट को लेकर तीखा विवाद, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
गोली लगते ही आरती लहूलुहान होकर स्टेज पर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद लड़कियों ने चीखते हुए कहा, “आरती को गोली मार दी!” इसके बाद पूरे आयोजन में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में घायल आरती आरोपी दीनबंधु का नाम लेते हुए भी नजर आ रही है। आरोपी ने फायरिंग करते हुए मौके से फरार होने का प्रयास किया, जबकि बाराती और ग्रामीण जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे।
एकतरफा प्यार ले डुबा जिंदगी
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी दीनबंधु दो साल से आरती से एकतरफा प्यार करता था। उसका घर पीड़िता के घर के पास ही है। आरोपी ने शादी से पहले भी विरोध जताया था और धमकी दी थी कि, “अगर मेरी नहीं तो किसी की नहीं।” परिवार ने उसकी धमकी को गंभीरता से नहीं लिया और शादी की तैयारियां जारी रखीं। इससे नाराज होकर दीनबंधु ने शादी के मौके पर ही अपना खौफनाक कदम उठा दिया।
पुलिस कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छापेमारी शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामला प्रेम-प्रसंग का लगता है और सभी एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभम आर्य ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है। वर्तमान में पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

























