संध्या समय न्यूज
मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में पहली बार भाजपा का महापौर होगा। पार्टी ने सीनियर कॉर्पोरेटर रितु तावड़े को महापौर पद का उम्मीदवार घोषित किया है। उनके निर्वाचित होने के साथ ही भाजपा पहली बार देश की सबसे अमीर नगर निकाय की सत्ता में शीर्ष पद पर पहुंचेगी।
घाटकोपर में तीसरी बार पार्षद चुनी गई रितु तावड़े
रितु तावड़े घाटकोपर क्षेत्र से लगातार तीसरी बार पार्षद चुनी गई हैं। उन्होंने वर्ष 2012 में वार्ड नंबर 127 से जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2017 में वार्ड नंबर 121 और 2025 में वार्ड नंबर 132 से वे निर्वाचित हुईं। वे इससे पहले बीएमसी की शिक्षा समिति की अध्यक्ष रह चुकी हैं, जहां शिक्षा से जुड़े कई अहम फैसलों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्तमान में वे महाराष्ट्र प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष भी हैं। जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने वाली रितु तावड़े को नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक पकड़ के लिए जाना जाता है। मराठा समुदाय से होने के बावजूद उन्होंने गुजराती बहुल वार्ड में मजबूत राजनीतिक पकड़ बनाई है। उल्लेखनीय है कि उन्होंने 2012 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था।

यह भी पढ़ें : यमुना क्रूज की आ गई पहली झलक, 20 फरवरी को होगा दिल्ली में लॉन्च
शिवसेना ने उपमहापौर पद के लिए उम्मीदवार घोषित किया
बता दें कि शिवसेना (शिंदे गुट) ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका के उपमहापौर पद के लिए संजय शंकर घाड़ी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह फैसला शिवसेना मुख्य नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के निर्देश पर लिया गया है। संजय शंकर घाड़ी शिवसेना-भाजपा महायुति के आधिकारिक प्रत्याशी होंगे। उपमहापौर का कार्यकाल सवा वर्ष का होगा।
राजनीतिक समीकरण के तहत हुआ फैसला
बता दें कि हाल ही में हुए मुंबई नगर निगम चुनावों में भाजपा ने 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई है, जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) को 29 सीटें मिली हैं। दोनों दलों के गठबंधन से महायुति बहुमत के बेहद करीब पहुंच गई है। इसी राजनीतिक समीकरण के तहत पहले से ही यह तय माना जा रहा था कि महापौर पद भाजपा और उपमहापौर पद शिवसेना (शिंदे गुट) के हिस्से में जाएगा। इस ऐलान के साथ ही मुंबई की स्थानीय राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।



















