UP News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर और एटा जिलों से दिल दहला देने वाली दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें रिश्तों को कलंकित करते हुए हत्याएं की गई हैं। पहले मामले में, शादी के दबाव में एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को खेत में दबा दिया, जबकि दूसरे मामले में पति ने ही अपनी पत्नी की लाश गायब कर दी थी, जिसका खुलासा चार साल बाद हो सका है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर शव बरामद करा लिया है।
मुंबई की प्रेमिका को बुलाकर उतारा मौत के घाट
बिजनौर जिले के मंडावर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां रहने वाले एक युवक ने अपनी मुंबई की प्रेमिका को शादी के नाम पर गांव बुलाया और फिर उसकी निर्मम हत्या कर शव को खेतों में दबा दिया। पुलिस के अनुसार, गांव नारायणपुर निवासी नाजिम का 20 वर्षीय पुत्र फैसल, जो पेशे से सलून का काम करता है, मुंबई रहता था। वहां उसका जोगेश्वरी निवासी 32 वर्षीय सना (जिसका असली नाम शमीम बताया जा रहा है) से प्रेम संबंध था। सना एक बच्चे की मां थी और उम्र में फैसल से बड़ी थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सना शादी के लिए फैसल पर लगातार दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। आरोप है कि शादी से बचने और सना की बातों से छुटकारा पाने के लिए फैसल ने उसे गांव बुलाने की योजना बनाई। वह 29 मई को मुंबई से लापता हो गई थी। जब उसका मोबाइल भी बंद आने लगा, तो उसके परिजनों ने लोखंडवाला क्षेत्र की ओसीवरा चौकी पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मुंबई पुलिस ने कसी शिकंजा, खेत में मिला शव
मुंबई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सना के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और लोकेशन की छानबीन शुरू की। इस दौरान पता चला कि आखिरी बार वह बिजनौर के मंडावर क्षेत्र में देखी गई थी। मुंबई पुलिस ने फैसल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने हत्या करने की बात कबूल कर ली।
शुक्रवार को मुंबई पुलिस के एसआई कामलेश व संजय के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम आरोपी फैसल और सना के परिजनों को लेकर मंडावर पहुंची। आरोपी ने पुलिस के सामने जुर्म कबूल करते हुए नारायणपुर के जंगल में उस जगह की निशानदेही की, जहां उसने हत्या के बाद शव को दबा रखा था। मुंबई पुलिस और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई शुरू कराई। देर शाम तक जुटे प्रयासों के बाद सना का शव बरामद कर लिया गया। शव को मजिस्ट्रेट की देखरेख में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एएसपी सिटी डा. केजी सिंह ने बताया कि महिला की गुमशुदगी मुंबई में दर्ज है और वहीं पर हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।

चार साल गायब रही पत्नी की हत्या कर नदी किनारे दफनाया
वहीं, एटा जिले में पुलिस ने चार साल पुराने एक गुमशुदगी के मामले का खुलासा किया है, जो सच में एक हत्याकांड था। थाना मिरहची क्षेत्र के गांव सुपैती निवासी एक महिला चंद्रवती (50) को उसके पति ने ही मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस के अनुसार, 17 फरवरी 2022 को महिला के भाई बीनेश कुमार ने थाना अवागढ़ पर शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 फरवरी को उसके जीजा मंजेश उसकी बहन चंद्रवती को घुमाने की बात कहकर ले गए थे, लेकिन अगले दिन 16 फरवरी को वह अकेले ही घर लौटे थे। उन्होंने बहन के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
पुलिस ने तत्काल महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली, लेकिन लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच, महिला के भाई को शक हुआ कि उसकी बहन की हत्या कर दी गई है। इस पर उसने 10 जून को हत्या की आशंका जताते हुए एक नई तहरीर दी। संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति मंजेश को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
पति ने कबूला जुर्म, कंकाल बरामद
पूछताछ में आरोपी पति मंजेश ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर अपनी पत्नी चंद्रवती की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को गायब करने के लिए उसने उसे ईशन नदी की तलहटी में दफना दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने ईशन नदी के किनारे खुदाई कराई, जहां से महिला का कंकाल बरामद हुआ। एएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। पुलिस मामले की आगे की विवेचना में जुट गई है।























