संध्या समय न्यूज
जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक खूनरली घटना सामने आई है। देखभाल के लिए शादी करने वाली एक सौतेली मां ने न सिर्फ पिता का भरोसा तोड़ा, बल्कि उसने 3 साल की मासूम बच्ची की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी महिला ने सोते हुए बच्ची की गर्दन धारदार कुल्हाड़ी से काटकर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और घटना के पीछे तंत्र-मंत्र व जादू-टोने की संभावना को लेकर जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुई घटना?
पिपराइच थाना क्षेत्र के इमलिया उर्फ विजहरा गांव में मंगलवार देर रात (24 फरवरी) की यह घटना ने क्षेत्र में दहशत फैला दी। पुलिस के अनुसार, त्रिवेणी मौर्य की पत्नी की मौत के बाद बेटी के लालन-पालन के लिए 25 जनवरी को उसकी दूसरी शादी पूजा मौर्य के साथ हुई थी। बच्ची आदित्या उर्फ लाडो अपनी सौतेली मां के साथ ही सोई हुई थी।
सीएम योगी से मुलाकात पर संजय दत्त ने कही ये बड़ी बात, वायरल हुई तस्वीर
घटना के समय त्रिवेणी घर के बाहर खड़ा था। तभी उसने अपनी पत्नी पूजा को अचानक बाहर भागते हुए देखा। जब उसने पीछा किया और शोर मचाया, तो ग्रामीणों ने भागती हुई महिला को पकड़ लिया। वहीं, जब पिता कमरे में पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। उसकी 3 साल की बेटी बेरहमी से कत्ल हो चुकी थी और उसका सिर धड़ से अलग पड़ा था। आरोपी ने इतनी बर्बरता दिखाई कि बच्ची की गर्दन कुल्हाड़ी से काट दी गई।
तंत्र-मंत्र के आशंका पर जांच
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने देखा कि जिस कमरे में हत्याकांड हुआ है, वहां डबल बेड के ठीक बगल में भगवान की तस्वीरें लगी हैं और पूजा स्थल बना हुआ है। आरोपी महिला की शाम के बाद कमरे से बाहर न निकलने की आदत और पूजा स्थल के पास खूनखराबा को देखते हुए पुलिस तंत्र-मंत्र या जादू-टोने के एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस को शक है कि कोई सनक या अंधविश्वास इस घिनौने अपराध का कारण हो सकता है।
पुलिस का बयान और गिरफ्तारी
गोरखपुर के चौरीचौरा सर्किल के सीओ रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि आरोपी महिला पूजा मौर्य ने अपनी 3 साल की सौतेली बेटी पर धारदार हथियार (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया, जिससे बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है। वर्तमान में पुलिस मामले के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।




















